PM मोदी के इस्राइल दौरे का आज दूसरा दिन,संवेदनशील तकनीकों पर बढ़ेगा सहयोग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्राइल दौरे का आज दूसरा दिन है। पीएम मोदी आज होलोकॉस्ट पीड़ितों के लिए इस्राइल के आधिकारिक स्मारक, याद वाशेम जाएंगे। इसके अलावा, पीएम मोदी इस्राइली प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि इस दौरान भारत और इस्राइल के बीच ड्रोन की खरीद समेत कई बड़े रक्षा समझौतों पर सहमति बन सकती है। लगभग नौ साल के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजकीय यात्रा पर इस्राइल गए हैं।पीएम मोदी के इस्राइल पहुंचने पर उनके स्वागत के दौरान इस्राइली पीएम नेतन्याहू ने कहा कि अगर भारत-इस्राइल भाईचारे पर कोई बॉलीवुड फिल्म बने तो वह जबरदस्त हिट साबित होगी। यह टिप्पणी दोनों देशों के मजबूत संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को दिखाती है। बेंजामिन नेतन्याहू ने साल 2018 में भारत दौरे के दौरान कहा था कि इस्राइल को बॉलीवुड बेहद पसंद है और दोनों देशों के बीच सिनेमा के क्षेत्र में गहरा जुड़ाव भी है।

भारत और इस्राइल के बीच फिल्म सह-निर्माण समझौता साल 2018 में हुआ था, जब नेतन्याहू भारत आए थे। इस समझौते को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी थी। समझौते के तहत सह-निर्मित फिल्मों को दोनों देशों में राष्ट्रीय उत्पादन का दर्जा मिला है। इससे भारतीय फिल्म निर्माताओं को अंतरराष्ट्रीय फंडिंग, पटकथा लेखन, प्रतिभा और वितरण में सहयोग मिलता है।भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस समझौते से दोनों देशों के रचनात्मक, तकनीकी, फाइनेंशियल और मार्केटिंग रिसोर्स का साझा उपयोग संभव हुआ है। सह-निर्मित फिल्में दोनों देशों के फिल्म समारोहों में घरेलू फिल्म की तरह भाग ले सकती हैं। साथ ही निर्माण और पोस्ट-प्रोडक्शन में प्रोत्साहन भी मिलते हैं। यह समझौता कलात्मक और तकनीकी कर्मियों के बीच रोजगार सृजन में मददगार साबित हो रहा है। इससे कला-संस्कृति का आदान-प्रदान बढ़ा है और दोनों देशों के लोगों के बीच सद्भावना मजबूत हुई है।साल 2018 में भारत यात्रा के दौरान ‘शालोम बॉलीवुड’ कार्यक्रम में नेतन्याहू ने अमिताभ बच्चन, इम्तियाज अली समेत अन्य सितारों से मुलाकात भी की थी। उन्होंने बॉलीवुड को इस्राइल में शूट करने का न्योता दिया था और कहा था कि इस्राइल और उन्हें बॉलीवुड पसंद है।
