दिल्ली समेत 17 राज्यों में आएगी तेज आंधी,होने वाली है भारी बारिश
देश इस समय मौसम के सबसे खतरनाक दौर से गुजर रहा है. एक तरफ दिल्ली, राजस्थान, यूपी और मध्य भारत के कई हिस्से आग उगलती गर्मी से तप रहे हैं तो दूसरी तरफ मौसम विभाग (IMD) ने अब राहत और खतरे दोनों का बड़ा अलर्ट जारी कर दिया है. IMD के मुताबिक देश के 17 राज्यों में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं. सबसे ज्यादा डराने वाली बात यह है कि कई राज्यों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं. मौसम का यह बदला हुआ रूप सिर्फ राहत नहीं देगा बल्कि कई जगह तबाही भी मचा सकता है. विशेषज्ञ मान रहे हैं कि गर्म हवाओं और सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के टकराव की वजह से उत्तर और पूर्वी भारत में मौसम बेहद अस्थिर हो गया है. बिहार, झारखंड, यूपी और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में हालात ज्यादा गंभीर हो सकते हैं. वहीं पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि और अचानक बर्फबारी तक की चेतावनी जारी की गई है. ऐसे में अगले 72 घंटे देश के कई हिस्सों के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण बिहार और पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने पूरे मौसम सिस्टम को बेहद ताकतवर बना दिया है. यही वजह है कि उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक मौसम में बड़ा बदलाव दिखाई देने वाला है. स्काईमेट और IMD दोनों एजेंसियों ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की घटनाएं बढ़ सकती हैं. कई राज्यों में धूलभरी आंधी भी चल सकती है जिससे विजिबिलिटी कम होगी. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की शुरुआती हलचल और पश्चिमी विक्षोभ का असर मिलकर यह असामान्य स्थिति पैदा कर रहा है. यही कारण है कि कुछ राज्यों में तापमान 45 डिग्री के ऊपर रहेगा तो कुछ राज्यों में अचानक तेज बारिश से मौसम ठंडा हो जाएगा. किसानों, यात्रियों और छोटे कारोबारियों के लिए यह समय काफी सतर्क रहने वाला है.बिहार इस बार मौसम के सबसे खतरनाक जोन में शामिल है. पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर और किशनगंज समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का रेड अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक यहां 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं. पटना में भी तेज बारिश और वज्रपात की संभावना है.

किसानों को खेतों में न जाने और लोगों को बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम का बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. सहारनपुर, मेरठ, नोएडा, गोरखपुर, प्रयागराज, आगरा और अयोध्या समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है. कई जिलों में बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है लेकिन बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज होगी।झारखंड के गिरिडीह, देवघर, दुमका, बोकारो और धनबाद जैसे जिलों में मौसम बेहद खराब रह सकता है. यहां 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. रांची में तापमान गिरने की संभावना है लेकिन तेज बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।पश्चिम बंगाल के मालदा, बांकुड़ा, हुगली, पुरुलिया और 24 परगना जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. कोलकाता समेत कई शहरों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण बंगाल में आंधी की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
