दिल्ली,यूपी सहित कई जगहों पर तूफान के साथ होगी बारिश,मौसम विभाग का आया अलर्ट
देशभर में जारी भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज अब कुछ बदलता हुआ दिख रहा है. दिल्ली, यूपी सहित उत्तर भारत में कई जगहों पर सुबह-सुबह आंधी और तूफानी हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में कमी आई है. हालांकि अब भी यहां सूरज की सर्जिकल स्ट्राइक ने दिन में लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर रखा है. यूपी में पारे ने अब तक के सारे रिपोर्ट तोड़ डाले हैं. यहां बांदा में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो देशभर में सबसे अधिक गर्म प्रदेश रहा है. इससे पहले सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री था, जो दुनिया में सबसे अधिक था. हालांकि अब इस गर्मी में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. लू के थपेड़ों के बाद अब आंधी-बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. उधर पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. दूसरी ओर पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में गर्मी और लू का प्रभाव बना रहेगा. कुल मिलाकर देश में मौसम कई रूपों में एक साथ नजर आएगा- कहीं तेज बारिश, कहीं तूफानी हवाएं तो कहीं झुलसाती गर्मी.हरियाणा से मणिपुर तक फैली एक लंबी ट्रफ लाइन उत्तर और पूर्वी भारत के मौसम को अस्थिर बना रही है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना के आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बारिश और आंधी-तूफान को बढ़ावा दे रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे आने वाले दिनों में मौसम और ज्यादा कूल हो सकता है.पूर्वोत्तर भारत में 29 अप्रैल को मौसम सबसे ज्यादा उग्र रहने वाला है. असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. खासतौर पर मेघालय में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है. तेज हवाओं (60-70 किमी/घंटा) के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं. लगातार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है.पूर्वी भारत में भी मौसम काफी सक्रिय रहेगा. पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.

बिहार और गंगीय पश्चिम बंगाल में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं झारखंड में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. इन इलाकों में बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.अब अगर उत्तर भारत की बात करें, तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. हिमाचल और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तेज हवाओं के साथ आंधी चलने का अलर्ट है, जहां हवा की रफ्तार 50-60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है.उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम काफी सक्रिय रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं.वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है, जिससे यात्रा और स्थानीय गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.बिहार और झारखंड में आज मौसम उग्र रहने की संभावना है. बिहार में कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.झारखंड में भी आंधी-तूफान, बिजली गिरने और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. किसानों के लिए यह बारिश राहत भी ला सकती है, लेकिन तेज हवाएं और ओले फसलों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय बना रहेगा. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. कर्नाटक के अंदरूनी हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश के आसार हैं. तटीय इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा।
