यूपी चुनाव में दिखेगा ओवैसी का मुस्लिम फैक्टर,विपक्ष के साथ भी करेंगे बड़ी खेल!
उत्तर प्रदेश के बहराइच से AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने विधानसभा का चुनावी बिगुल फूंक दिया. उन्होंने मटेरा विधानसभा सीट से AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया. साथ ही उन्होंने रविवार को विधानसभा मटेरा क्षेत्र में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सपा और भाजपा पर जमकर निशाना साधा. वहीं, ओवैसी ने साफ कर दिया कि यदि इज्जत और हिस्सेदारी के साथ बात हुई तो मजलिस तैयार है और भाजपा को रोकने के लिए साथ देने के लिए तैयार हैं.उल्लेखनीय है कि मटेरा विधानसभा सीट से वर्तमान में समाजवादी पार्टी की विधायक मारिया शाह हैं. मटेरा विधासनभा क्षेत्र में यादव, मुस्लिम, दलित और पिछड़े वर्गों के मतदाताओं की बहुत बड़ी संख्या है और चुनाव में इनकी अहम भूमिका रहती है. साल 2012 से लगातार समाजवादी पार्टी इस क्षेत्र में अपनी जीत हासिल करती रही है.ओवैसी ने कहा कि AIMIM पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी एवं अच्छा प्रदर्शन करेगी. मटेरा विधानसभा, बहराइच में आज हर जुबान पर सिर्फ AIMIM का नाम गूंज रहा है. अवाम ने भारी तादाद में जनसभा में शिरकत कर जिस मोहब्बत, अपनापन और जोश का इज़हार किया, वह वाकई काबिल-ए-तारीफ है.ओवैसी ने कहा कि AIMIM लगातार प्रदेश में सक्रिय है. पांच साल पहले भी वे यहां आए थे और सभा को संबोधित किया था और सालार गाजी मसूद की दरगाह पर भी गए थे.ओवैसी ने कहा कि भाजपा को रोकने की नीयत से हम साथ देने को तैयार है. इज्जत और हिस्सेदारी के साथ बात हुई तो मजलिस तैयार है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज वाले प्रदेशों में मुस्लिमों पर जुल्म हो रहा है.

बुलडोजर से मुसलमानों के मकान तोड़े जा रहे हैं. मुस्लिम नौजवानों के इनकाउंटर हो रहे हैं.उन्होंने यूपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा बीफ एक्सपोर्टर बन गया है. 40 से 60 प्रतिशत बीफ एक्सपोर्टर उत्तर प्रदेश से हो रहा है. I Love Mohammad पोस्टर हटाए जाने पर ओवैसी ने कहा कि पोस्टर हटाने से मोहब्बत कम नहीं होगी.शौकत अली ने बताया कि यूपी में AIMIM 200 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है और अगर हमारा गठबंधन किसी अन्य पार्टी से होता है, तो हम पूरी तरह से गठबंधन धर्म का पालन करेंगे. उन्होंने आगे कहा कि दलितों और मुसलमानों का गठबंधन अन्य सभी राजनीतिक पार्टियों को हराने का माद्दा रखता है. गाजी सालार राष्ट्रीय एकता के प्रतीक हैं, क्योंकि उनमें मुसलमानों से ज्यादा हिंदुओं की आस्था है.यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा करते हुए शौकत अली ने स्पष्ट किया कि पार्टी का मुस्लिम ध्रुवीकरण का कोई एजेंडा नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि असदुद्दीन ओवैसी के लिए अखिलेश यादव कोई चुनौती नहीं हैं. पार्टी के चुनाव लड़ने से यूपी में ’80 बनाम 20′ की लड़ाई होने वाली बात पूरी तरह से गलत है।दूसरी तरफ, ओवैसी के बहराइच दौरे पर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक एवं प्रवक्ता रविदास मेहरोत्रा की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ओवैसी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए काम करते हैं. उनकी पार्टी एआईएमआईएम असल में भाजपा की ‘बी टीम’ है. यूपी चुनाव 2027 में गैर-भाजपा वोटों को बांटने के लिए भाजपा ने ओवैसी को आगे किया है. वह सिर्फ और सिर्फ वोटों का ध्रुवीकरण करने के मकसद से यूपी चुनाव में दिलचस्पी ले रहे हैं. लेकिन जनता जानती है कि भाजपा के सामने सिर्फ समाजवादी पार्टी ही एकमात्र विकल्प है और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
