दिल्ली में कल होगी इंडिया गठबंधन की बड़ी बैठक,बोली बीजेपी-उनलोगों का कोई अस्तित्व ही नहीं है
इंडिया अलायंस की बैठक 8 जून को दिल्ली में होगी. ऐसे में सियासत गरमाई हुई है. इस बैठक पर बीजेपी के नेता निशिकांत दुबे, शहजाद पूनावाल सहित बीजेपी के कई नेताओं का बयान सामने आया है. दिल्ली में 8 जून को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक पर BJP सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि अब INDI गठबंधन में कौन है? CPM कह रही है कि हम साथ नहीं हैं. मैं रांची से आ रहा हूं, जहां JMM कह रही है कि हम दूसरा उम्मीदवार उतारेंगे, DMK अलग सीट पर जाकर बैठ गई है और तृणमूल कांग्रेस का तो कोई अता-पता ही नहीं है. इस गठबंधन का कोई अस्तित्व ही नहीं है.’पूनावाल ने कहा, “इस INDI गठबंधन का कोई मकसद नहीं है, इसमें केवल डिवीजन है… राज्यसभा सीट को लेकर JMM और कांग्रेस के बीच झगड़ा चल रहा है. उन्होंने बताया कि NCP (SP) शायद बैठक में शामिल नहीं हो रही है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये गठबंधन सिर्फ कागजों पर है लेकिन वास्तविकता में कहीं पर भी नहीं है. वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि INDI गठबंधन में भगदड़ मची हुई है, इनमें आपस में समन्वय नहीं है और NDA एकजुट है.पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि TMC की हालत बहुत खराब है. असली TMC पार्टी ममता बनर्जी के हाथों से निकल चुकी है.

वे फिर से हंगामा करने दिल्ली जा रही हैं. INDIA गठबंधन कहां है? DMK इसमें (INDIA गठबंधन की बैठक में) शामिल नहीं हो रही है. देश की जनता ने INDIA गठबंधन को पूरी तरह से किनारे कर दिया है और नकार दिया है.’उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि INDI गठबंधन का भविष्य अंधकार में है. वो बैठक करें या ना करें, उनकी पराजय सुनिश्चित है क्योंकि वो जनहित में नहीं बल्कि स्वयं के हित में इस प्रकार की बैठकें करते हैं और भाजपा का विरोध करते हैं.INDI गठबंधन की आगामी बैठक पर, बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ये जो INDIA गठबंधन है, वो रुष्ट राजनीतिक रंगबाजों का रंगमंच बनता जा रहा है. यदि कोई गठबंधन रुष्ट राजनीतिक रंगबाजों का रंगमंच बनता जा रहा हो तो आपको इसी तरह के हालात और नजारे दिखाई देंगे. वे भी अच्छे से जानते हैं कि उनका ‘जुगाड़ का जमघट’, ‘जनादेश के पनघट’ से कोसों दूर है. लेकिन, फिर भी वे जुगाड़ का जमघट करते हैं. उन्होंने कहा कि हमारी शुभकामनाएं हैं. ये लोग प्रधानमंत्री मोदी से लड़ने की बात करते हैं लेकिन आपस में भिड़ने में इनका ज्यादा समय जाता है.
