मंत्री पद से इस्तीफा देंगे दीपक प्रकाश!जानिए आगे क्या करेंगे कुशवाहा?
बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए बीजेपी और जेडीयू के बाद चिराग पासवान की पार्टी एलजेपीआर ने भी अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है. अशरफ अंसारी को लोजपा (आर) ने अपना उम्मीदवार बनाया है.लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख व केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोशल साइट X (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान मेरे लिए सर्वोपरि है. विपरीत परिस्थितियों में भी हमारे कार्यकर्ताओं ने रामविलास पासवान के आदर्शों और सिद्धांतों का झंडा मजबूती के साथ न सिर्फ थामे रखा, बल्कि बिना किसी व्यक्तिगत आकांक्षा के पार्टी के मूल्यों, विचारों और संघर्षों को बिहार के कोने-कोने तक पहुंचाने का कर्मठ प्रयास निरंतर किया है. ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं की निष्ठा और मेहनत ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है.चिराग पासवान ने आगे लिखा कि यह फैसला हर उस कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा है जो निस्वार्थ भाव से पार्टी की सेवा कर रहें है.

यह निर्णय स्पष्ट संदेश देता है कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में संगठन के प्रति समर्पण, संघर्ष और निष्ठा का सम्मान किया जाता है तथा जमीनी कार्यकर्ताओं को सर्वोच्च स्थान दिया जाता है. कार्यकर्ता ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं और उनका सम्मान ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. यही हमारी राजनीति है, यही हमारी प्रतिबद्धता है.दरअसल, 18 जून को बिहार विधान परिषद का चुनाव होना है. इसके लिए जेडीयू ने निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है. वहीं बीजेपी की तरफ से पवन सिंह, संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित के नाम शामिल हैं.राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) से दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया गया है. ऐसे में उन्हें भी विधान परिषद भेजना जरूरी है. ऐसे में उपेन्द्र कुशवाहा की तरफ सबकी निगाह टिकी हुई है. वैसे एनडीए नेताओं का कहना है कि सभी सीटों पर हमारे उम्मीदवार होंगे और उनकी जीत होगी. ऐसे में विपक्ष का क्या रुख रहता है यह देखने वाली बात होगी.
