बिहार पंचायत चुनाव में मल्टी-पोस्ट ईवीएम का होगा इस्तेमाल,मंत्री दीपक प्रकाश का ऐलान

 बिहार पंचायत चुनाव में मल्टी-पोस्ट ईवीएम का होगा इस्तेमाल,मंत्री दीपक प्रकाश का ऐलान
Sharing Is Caring:

बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को नालंदा का दौरा किया. बिहार शरीफ सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता कर जिले में चल रही पंचायती राज विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा रिपोर्ट पेश की और आगामी पंचायत चुनाव, पंचायत सरकार भवन और पंचायतों की वित्तीय स्थिति सहित कई अहम मुद्दों पर सरकार का रुख स्पष्ट किया.मंत्री ने सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘पंचायत सरकार भवन’ पर चर्चा करते हुए बताया कि नालंदा जिले की 227 पंचायतों में से 134 में इसका निर्माण पूरा हो चुका है और वे पूरी तरह क्रियाशील हैं. उन्होंने कहा कि शेष 87 पंचायतों में काम चल रहा है.दीपक प्रकाश ने कहा कि पंचायत सरकार भवनों को मिनी सचिवालय के रूप में विकसित किया जा रहा है. जिले के 51 पंचायत सरकार भवनों में पोस्ट ऑफिस क्रियाशील हो चुके हैं. जल्द ही इनमें ‘आधार केंद्र’ भी खोले जाएंगे, जिसके लिए कार्यपालक सहायकों की ट्रेनिंग और सर्टिफिकेशन का काम चल रहा है.मंत्री ने बताया कि हर पंचायत में ‘कन्या विवाह मंडप’ बनाने की योजना है. नालंदा की 24 पंचायतों में इसकी स्वीकृति मिल गई है, जिनमें से 16 का एस्टीमेट तैयार हो चुका है. इसके अलावे जिले में 115 मोक्ष धाम (श्मशान/कब्रिस्तान) को भी चिह्नित किया गया है, जिनका जल्द ही विकास किया जाएगा.

1000784034

सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जिले के 32,900 के लक्ष्य में से 32,710 लाइटें लगाई जा चुकी हैं और शेष 190 इस महीने पूरी हो जाएंगी.पंचायतों में लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगाए जा रहे ‘सहयोग शिविर’ की सफलता पर मंत्री ने कहा कि नालंदा में अब तक 753 आवेदन आए हैं, जिनमें से 711 का निष्पादन किया जा चुका है. लंबित मामलों को एक महीने के अंदर सुलझा लिया जाएगा. पंचायत सरकार भवनों में खटाल (जानवर) बांधे जाने की शिकायत पर उन्होंने कहा कि अगर ऐसी कोई विशेष जगह चिह्नित की जाती है, तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी.वहीं, आगामी पंचायत चुनाव पर स्थिति साफ करते हुए मंत्री ने कहा कि चुनाव की तैयारियां निर्वाचन आयोग के निर्देशन में चल रही हैं. इस बार का चुनाव कई मायनों में खास होगा. उन्होंने कहा कि इस बार 6 पदों के लिए एक कंट्रोल यूनिट और छः अलग-अलग बैलेट यूनिट वाली मल्टी-पोस्ट EVM से वोट डाले जाएंगे, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और आसान होगी.दीपक प्रकाश ने कहा कि 10 साल पूरे होने के कारण इस बार पंचायत चुनाव में आरक्षण का नया रोस्टर लागू होगा. अध्यक्ष/प्रमुख का चुनाव, जिला परिषद अध्यक्ष और प्रमुख का चुनाव वर्तमान प्रक्रिया (अप्रत्यक्ष रूप से) के तहत ही होगा, क्योंकि प्रत्यक्ष चुनाव के लिए संविधान में संशोधन की आवश्यकता है.बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से जुड़े सवाल पर आरएलएम नेता दीपक प्रकाश ने कहा कि बांकीपुर में कोई मुकाबला त्रिकोणीय नहीं है, वहां तो बिल्कुल एकतरफा वोटिंग होती है. इस बार बार भी एकतरफा जीत होगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भारत की सरकार और बिहार की सरकार ने जो काम किया है, उसके आधार पर एनडीए कैंडिडेट अभिषेक कुमार सिन्हा की जीत तय है.

Comments
Sharing Is Caring:

Related post