शिवजी के लिए नेत्र निकालने लगे विष्णु!क्या है हरि-हर मिलन की कथा?

 शिवजी के लिए नेत्र निकालने लगे विष्णु!क्या है हरि-हर मिलन की कथा?
Sharing Is Caring:

हिंदू धर्म में वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व बेहद खास माना जाता है, जो हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को पड़ती है. इस बार 23 नवंबर 2026 को वैकुंठ चतुर्दशी मनाई जा रही है. यह दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की संयुक्त उपासना के लिए समर्पित है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन हरि और हर का मिलन होता है और भगवान विष्णु के धाम वैकुंठ के द्वार भक्तों के लिए खुल जाते हैं. यही वजह है कि इस दिन पूजा-पाठ, व्रत और दान करने का विशेष महत्व बताया गया है.वैकुंठ चतुर्दशी से कई पौराणिक और लोककथाएं जुड़ी हुई हैं. इनमें भगवान विष्णु और भगवान शिव से जुड़ी एक कथा सबसे अधिक प्रचलित है, जिसमें भगवान विष्णु अपनी भक्ति साबित करने के लिए अपना नेत्र तक अर्पित करने को तैयार हो जाते हैं.

1000906720

वहीं, एक दूसरी लोककथा धनेश्वर नाम के ब्राह्मण की है, जिसके जीवनभर के पाप वैकुंठ चतुर्दशी के पुण्य प्रभाव से समाप्त हो गए थे. आइए जानते हैं इन दोनों कथाओं के बारे में.पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार भगवान विष्णु बैकुंठ धाम छोड़कर भगवान शिव की आराधना करने काशी पहुंचे. वहां उन्होंने मणिकर्णिका घाट पर स्नान किया और महादेव की पूजा के लिए एक हजार कमल के फूल अर्पित करने का संकल्प लिया. भगवान विष्णु पूरी श्रद्धा के साथ एक-एक करके कमल के फूलों से शिवजी की पूजा करने लगे.कहा जाता है कि भगवान शिव अपने परम भक्त विष्णु की भक्ति की परीक्षा लेना चाहते थे. इसके लिए उन्होंने एक कमल का फूल छिपा दिया. जब भगवान विष्णु ने पूजा के दौरान फूलों की गिनती की, तो एक फूल कम निकला. अब उनके सामने अपना संकल्प पूरा करने की चुनौती थी.भगवान विष्णु को कमलनयन भी कहा जाता है, क्योंकि उनके नेत्र कमल के समान सुंदर हैं. ऐसे में उन्होंने सोचा कि एक कमल के फूल की कमी को अपने नेत्र से पूरा कर सकते हैं. इसके बाद वे अपना एक नेत्र निकालकर भगवान शिव को अर्पित करने लगे. उनकी इस अटूट भक्ति को देखकर महादेव तुरंत प्रकट हुए और उन्हें ऐसा करने से रोक दिया.भगवान शिव विष्णु की भक्ति से बेहद प्रसन्न हुए. उन्होंने उन्हें सुदर्शन चक्र प्रदान किया और आशीर्वाद दिया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को वैकुंठ चतुर्दशी के नाम से जाना जाएगा. साथ ही उन्होंने कहा कि इस दिन श्रद्धा से भगवान शिव और विष्णु की पूजा करने वाले भक्तों को वैकुंठ धाम की प्राप्ति होगी.वैकुंठ चतुर्दशी से जुड़ी दूसरी कथा धनेश्वर नाम के एक ब्राह्मण की है. लोकमान्यता के अनुसार, धनेश्वर जीवनभर गलत काम करता रहा और उसने कई पाप किए. उसके जीवन में धर्म-कर्म और पूजा-पाठ के लिए कोई जगह नहीं थी. समय बीतता गया और उसके पापों का बोझ बढ़ता चला गया.एक बार वैकुंठ चतुर्दशी के दिन वह गोदावरी नदी के घाट पर पहुंचा. उस समय वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान, पूजा-पाठ और दीपदान कर रहे थे. धनेश्वर भी उसी भीड़ में मौजूद रहा. इस दौरान वह भक्तों के संपर्क में आया और उनके साथ घाट पर ही रहा. धार्मिक लोककथा के अनुसार, श्रद्धालुओं के संग और उनके स्पर्श से उसे भी इस पावन दिन का पुण्य प्राप्त हो गया.कुछ समय बाद जब धनेश्वर की मृत्यु हुई, तो यमदूत उसे अपने साथ यमलोक ले गए. वहां उसके कर्मों का हिसाब होने लगा और उसे उसके पापों के अनुसार दंड देने की बात सामने आई. तभी भगवान विष्णु ने बताया कि वैकुंठ चतुर्दशी के दिन श्रद्धालुओं के संपर्क में आने से उसे इस व्रत का पुण्य मिल चुका है. इस पुण्य के प्रभाव से उसके पाप नष्ट हो गए हैं. इसके बाद उसे नरक के बजाय वैकुंठ धाम में स्थान प्राप्त हुआ.

Comments
Sharing Is Caring:

Related post