नीतीश सेतु पर बवाल करने वालों की शामत,4 गिरफ्तार, कई की तलाश जारी!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार के वैशाली जिले के दौरे से पहले नीतीश सेतु के उद्घाटन के लिए लगाए गए पोस्टर और बैनर कथित तौर पर फाड़ने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने कहा, राघोपुर प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की शिकायत के बाद रुस्तमपुर पुलिस थाने में 11 नामजद व्यक्तियों और 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई.पीएम मोदी ने शनिवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर बने पुल का उद्घाटन किया. दौरे से पहले पुल के किनारे प्रधानमंत्री की तस्वीरों वाले पोस्टर और बैनर लगाए गए थे.
.

सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में कथित तौर पर स्थानीय लोगों के समूह, जिनमें राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के झंडे लिए बच्चे भी शामिल थे, पीएम मोदी की तस्वीरों वाले पोस्टर फाड़ते हुए दिखाई दिए.हाजीपुर एसडीओ विशाल कुमार ने कहा, शनिवार शाम राघोपुर बीडीओ द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने आगे बताया कि पुलिस बाकी आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए वीडियो फुटेज की जांच कर रही है.बता दें कि बीते शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नीतीश सेतु का लोकार्पण किया था. कार्यक्रम के बाद दर्जनों की संख्या में युवा और बच्चे हाथों में आरजेडी का झंडा लेकर सेतु पर पहुंच गए. वहां उन्होंने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारे लगाए.इसी दौरान कुछ युवाओं ने सेतु पर लगाए गए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़ दिए. इस दौरान कुछ बच्चों द्वारा अपशब्दों का प्रयोग किए जाने की भी बात सामने आई. मौके पर मौजूद युवाओं ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा.घटना के वीडियो के इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद कुछ युवा उस पर रंगदारी वाला गाना लगाकर रील बना रहे हैं. वीडियो और रील को लेकर इंटरनेट मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रसारित वीडियो के आधार पर सभी आरोपितों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. पोस्टर फाड़ने की घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. सभी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी.पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर कार्यक्रम स्थल से नीतीश सेतु तक जाने वाले मार्ग पर सैकड़ों पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी. इसके बावजूद प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से जाने के तुरंत बाद असामाजिक तत्वों द्वारा पोस्टर फाड़े जाने की घटना सामने आई. दर्जनों की संख्या में युवा और बच्चे अचानक सेतु पर पहुंचे और लालू प्रसाद यादव तथा तेजस्वी यादव के समर्थन में नारे लगाने लगे. इसी दौरान कुछ युवाओं ने वहां लगे पोस्टर फाड़ने शुरू कर दिए.स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़े गए, जबकि पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे. इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं. स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस प्रसारित वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।
