36 घंटे के निर्जल व्रत का हुआ समापन,उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ आज पूर्ण हुआ चैती छठ महापर्व
लोक आस्था का महापर्व चैती छठ पूजा के चौथे दिन बुधवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इस दौरान छठ पूजा के अलग-अलग घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों में भगवान भास्कर और छठी मैया के प्रति खास उत्साह देखने को मिला।आपको बता दें कि चैत्र नवरात्र की षष्ठी पर आज छठ व्रती महिलाओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही चैती छठ महापर्व का हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया।

अहले सुबह से ही भगवान सूर्य की पहली किरण के साथ छठ के अनुष्ठान शुरू हुए। इस दौरान छठ घाटों पर व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।इस महापूजन के साथ ही 36 घंटे के निर्जल व्रत का भी समापन हो गया। वहीं, इस पूजन के बाद व्रती महिलाओं ने व्रत का पारण किया और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
