बिहार में विधायक फंड 4 करोड़ से बढ़ाकर किया जाएगा 8 करोड़,विधानसभा में पक्ष और विपक्ष आया एक साथ
विधानसभा में विधायक फंड 4 करोड़ से बढ़ाकर 8 करोड़ करने का मामला उठा. बीजेपी के विधायक प्रमोद कुमार ने सरकार से इसे बढ़ाने की मांग की. योजना विकास मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि अभी सरकार के पास कोई प्रस्ताव नहीं है।इस पर बीजेपी के विधायक नीरज कुमार बबलू ने कहा कि विजेंद्र प्रसाद यादव सबसे पुराने विधायक हैं, वह लगातार मंत्री रहे हैं, उन्हें विधायकों की समस्या नहीं पता है. जब मजदूरी सहित सभी तरह के खर्च बढ़ गए हैं. सरकार का बजट भी बढ़ रहा है तो विधायक का फंड बढ़ाने में क्या दिक्कत है?बिहार विधानसभा में जहरीली शराब से हो रही मौत का मामला राजद विधायक रणविजय साहू ने कार्य स्थगन के माध्यम से सदन में उठाया. कहा कि 2016 से अब तक बिहार में 300 से अधिक मौतें हो चुकी हैं. सरकार को सदन में इस पर चर्चा करनी चाहिए और जवाब देनी चाहिए।बिहार विधानसभा में बाढ़ के प्रसिद्ध मिठाई खोबी लाई के जी आई टैग का मामला उठा. बाढ़ के विधायक सियाराम सिंह ने बाढ़ के खोबी लाई को GI टैग दिलाने को लेकर सदन में सवाल पूछा. जवाब में उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल की तरफ से देने के बाद अध्यक्ष प्रेम कुमार ने गया जी के तिलकुट को GI टैग देने की मांग की. इसके बाद डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने बड़हिया के रसगुला की भी चर्चा की।

इस पर उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि आपने कभी रसगुल्ला खिलाया नहीं है. इस पर सदन में जोरदार ठहाका लगा. जिसके बाद हर इलाके के सदस्य अपने-अपने इलाके की मिठाई को टैग देने की मांग करने लगे. राजद के भाई वीरेंद्र ने कहा कि मनेर का लड्डू को भी जी आई टैग मिले. जवाब में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि, हर इलाके के विधायक अपने इलाके की मिठाई का नाम बता दें. GI टैग दिलाने का काम किया जायेगा. इस पर विजय कुमार सिन्हा ने कहा एक दिन, सब का प्रदर्शनी भी लगा दिया जाए. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि, ठीक है इसकी व्यवस्था की जाएगी.भाजपा विधायक देवेश कांत सिंह ने कहा कि, बिहार सरकार के सरकारी सेवाओं और प्रतियोगिता परीक्षाओं में आर्थिक रूप से कमजोर ईडब्ल्यूएस के अभ्यर्थियों को अनारक्षित वर्गों के समान अधिकतम आयु सीमा में छूट देने की मांग की. उन्होंने कहा कि, सवर्ण आयोग ने भी 37 वर्ष से बढ़ाकर 40 करने की अनुशंसा की है. मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि फिलहाल इस तरीके का कोई नियम नहीं है .किसी दूसरे राज्य में भी कोई छूट नहीं दी गई है।
