वंदे भारत एक्सप्रेस की सफलता के बाद अब देश में दौड़ेगी 280 किमी रफ्तार वाली हाई स्पीड ट्रेन,रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी जानकारी
वंदे भारत एक्सप्रेस की सफलता के बाद रेलवे ने अब हाई स्पीड ट्रेन सेटों की डिजाइनिंग और विनिर्माण शुरू कर दिया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया, इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ), चेन्नई बीईएमएल के साथ मिलकर हाईस्पीड ट्रेन सेट का डिजाइन और निर्माण कर रही है, जिसकी डिजाइन गति 280 किमी प्रति घंटा होगी।

भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता और अनंत नायक की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, प्रति कार विनिर्माण लागत लगभग 28 करोड़ रुपये (करों को छोड़कर) है, जो अन्य ट्रेन सेटों की तुलना में अत्यधिक प्रतिस्पर्धी है।वैष्णव ने बताया कि पिछले पांच वर्षों (अप्रैल 2019 से मार्च 2024 तक) में हुई ट्रेन दुर्घटनाओं के कारण 313 करोड़ रुपये की रेलवे संपत्ति क्षतिग्रस्त हो गई। ई-टिकट के माध्यम से बीमा का लाभ उठाने वाले पीड़ितों की संख्या के संबंध में सवालों के जवाब में वैष्णव ने कहा, 1 नवंबर, 2019 से 31 अक्तूबर, 2024 की अवधि के दौरान वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना के तहत 22 दावे दर्ज किए गए थे, जिनमें कोई भी मृत्यु दावा पंजीकृत नहीं किया गया।
