योगी बुलडोजर से घर तोड़ते हैं,रेड्डी मस्जिदें तोड़ रहे हैं,अकबरुद्दीन ओवैसी के आरोपों से गरमाई सियासत

 योगी बुलडोजर से घर तोड़ते हैं,रेड्डी मस्जिदें तोड़ रहे हैं,अकबरुद्दीन ओवैसी के आरोपों से गरमाई सियासत
Sharing Is Caring:

तेलंगाना में AIMIM के नेता अकबरुद्दीन ओवैसी ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की तुलना उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है। उन्होंने कहा कि दोनों ही मुसलमानों को निशाना बनाते हैं और इनमें कोई फर्क नहीं है। अकबरुद्दीन ने यह बयान एक सभा में दिया, जहां उन्होंने मुसलमानों की बदहाली के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद BJP और कांग्रेस दोनों ने ओवैसी पर अलग-अलग मुद्दे उठाते हुए पलटवार किया। अकबरुद्दीन के बाद उनके भाई और AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी BJP को इजरायल के मुद्दे पर घेरा।AIMIM ने दावा किया कि तेलंगाना में BJP और कांग्रेस मिले हुए हैं। पार्टी का कहना है कि दोनों पार्टियों में कोई फर्क नहीं है। AIMIM सुप्रीमो के छोटे भाई और विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने कहा, ‘योगी आदित्यनाथ यूपी में बुलडोजर से घर तोड़ते हैं और रेवंत रेड्डी यहां मस्जिद तोड़ रहे हैं। दोनों के निशाने पर मुसलमान हैं। न इनको हिजाब पसंद है, न दरगाह। जब भी मुसलमानों की बात आती है, दोनों पार्टियां एक हो जाती हैं।’ अकबरुद्दीन ने कांग्रेस पर और भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ तेलंगाना में कांग्रेस के दो साल के राज में 6 मस्जिदों पर सरकारी बुलडोजर चला।अकबरुद्दीन ने इसके बाद बाबरी मस्जिद का जिक्र किया और कहा, ‘मुसलमानों ने अब तक कांग्रेस को हर गुनाह के लिए माफ किया, लेकिन अब बहुत हो चुका। अब मुसलमान चुप नहीं बैठने वाला है।’ उन्होंने मुसलमानों से अपील की कि वे किसी पार्टी पर भरोसा न करें, क्योंकि सारी पार्टियां मुसलमानों को ठगती हैं। उन्होंने कहा, ‘सिर्फ AIMIM ही है, सिर्फ ओवैसी ही हैं, जो मुसलमानों के साथ मजबूती से खड़े होते हैं।’

1000424577

अकबरुद्दीन के इस बयान पर BJP ने सख्त एतराज जताया। BJP सांसद रघुनंदन राव ने कहा, ‘तेलंगाना का बच्चा-बच्चा जानता है कि ओवैसी ब्रदर्स हमेशा कांग्रेस का सपोर्ट करते हैं। सरकार में भी साथ रहते हैं, लेकिन जनता को गुमराह करने के लिए कांग्रेस को गाली देते हैं।’राव ने कहा कि अकबरुद्दीन ने स्टूडेंट्स के बीच भड़काने वाली बातें कही हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘छोटे ओवैसी बच्चों के दिमाग में नफरत के बीज बो रहे हैं, इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।’ ओवैसी ने राहुल गांधी का नाम लिया और रेवंत रेड्डी की तुलना योगी से की, तो कांग्रेस भी मैदान में कूद पड़ी। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, ‘सच बात ये है कि योगी आदित्यनाथ और ओवैसी दोनों जुड़वां भाई हैं। कट्टरपंथी सोच को लेकर दोनों एक जैसे हैं।’ हैदराबाद में यूपी के नाम पर सियासत हुई तो योगी सरकार के मंत्री ओपी राजभर ने कहा, ‘यूपी में किसी शरीफ आदमी का घर आज तक नहीं गिरा है। योगी ने सिर्फ बेईमानों और अपराधियों के घर पर बुलडोजर चलाया है।’इस बीच, असदुद्दीन ओवैसी भी मैदान में कूद पड़े। उन्होंने इजरायल के मुद्दे पर BJP को घेरा। ओवैसी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को क्रिमिनल कहा और गाजा में हुई हजारों मौतों के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया। रेवंत रेड्डी पर दोनों तरफ से हमला हो रहा है। AIMIM उन्हें योगी जैसा बताती है तो BJP मुसलमानों के तुष्टिकरण का आरोप लगाती है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि ऐसे में रेवंत रेड्डी को दोनों तरफ से फायदा हो रहा है। अब आगे सूबे की सियासत किस तरफ जाती है, यह देखने वाली बात होगी।

Comments
Sharing Is Caring:

Related post