बांकीपुर सीट पर भाजपा के लिए मुसीबत बनेंगे पीके!बीजेपी के गढ़ में इसबार होगी सेंधमारी?
बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर तारीख की घोषणा हो गई है. 30 जुलाई को मतदान होगा, जहां लाखों मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. अब यह तो वक्त ही बताएगा कि यहां से किसकी जीत होती है, कौन हारता है? सबकुछ 3 अगस्त को पता चल जाएगा.दरअसल, गुरुवार को चुनाव आयोग ने तीन राज्यों की तीन सीटों के उपचुनावों की घोषणा की. आयोग के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा के लिए 6 जुलाई को उपचुनाव की अधिसूचना जारी होगी और नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. 13 जुलाई तक नामांकन पत्र दाखिल होगा. 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी. जबकि, 16 जुलाई तक नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है.30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम जारी कर दिया जाएगा. बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव 30 सितंबर 2025 को किये गए मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के आधार पर होगा. यह सीट भाजपा के नितिन नबीन के इस्तीफा के कारण खाली हुई है.

दरअसल, 2025 के विधानसभा चुनाव में नितिन नबीन ने बांकीपुर सीट से बंपर जीत हासिल की थी. वह लगातार इस सीट से बीजेपी के विजयी प्रत्याशी बनकर उभरे. मंत्री पद की शपथ ली. इसके बाद बीजेपी ने उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया. जिसके बाद यह सीट खाली हो गई. हालांकि इसी बीच बीजेपी ने नितिन नबीन को राज्यसभा सांसद भी बना दिया.बांकीपुर सीट से बीजेपी के कौन प्रत्याशी होंगे इसको लेकर अभी तक पत्ता नहीं खोला गया है. हालांकि कई लोगों ने नाम जरूर उछल रहे हैं. इसी बीच जन सुराज ने इस सीट से लड़ने का एलान किया है. ऐसे में मुकाबला दिलचस्प हो सकता है. कहा जा रहा है कि प्रशांत किशोर भाग्य आजमा सकते हैं.प्रशांत किशोर ने भी हामी भरते हुए कहा कि अगर पार्टी चाहेगी तो हम पीछे नहीं हटेंगे. अब अगर मैदान प्रशांत किशोर खुद उतरते हैं तो साफ है कि यह हॉट सीट VVIP सीट से भी ऊपर चली जाएगी. तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल भी उम्मीदवार को मैदान में खड़ा करने का मन बना लिया है. तेज प्रताप यादव की पार्टी में पटना की ही रहने वाली महिला समाजसेवी वीणा मानवी ने ज्वाइन किया है. खबर यह भी है कि वीणा मानवी बांकीपुर विधानसभा का उपचुनाव लड़ेगी.वहीं दूसरी तरफ जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बीते दिन हीं बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है. प्रशांत किशोर ने कहा है कि अगर बांकीपुर सीट से विधानसभा का उपचुनाव लड़ना पड़ा तो वे चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए जो कुछ करना पड़े वो करेंगे.पटना में एक सभा के दौरान जनसुराज नेता प्रशांत किशोर से जब पूछा गया कि, क्या आप बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे?. इस सवाल पर उन्होंने कहा कि, बीजेपी को हराने के लिए, सम्राट चौधरी को उनकी जगह बताने के लिए, मोदी और अमित शाह को बताने के लिए कि आपने गलत इंसान को मुख्यमंत्री के तौर बिहार पे थोपा है, इसके लिए जो भी करना पड़े वो किया जाएगा.वहीं बांकीपुर में एक सभा के दौरान जनसुराज नेता ने कहा, मोदी जी से बात करना है, मोदी जी को सूचना देना है कि आप अच्छा आदमी को मुख्यमंत्री नहीं बनाए है. महंगाई और भ्रष्ट्राचार से हम लोग परेशान है. ऐसे में आपके पास अभी एक रास्ता है. अभी जब बांकीपुर में चुनाव होगा, ईवीएम आएगा. उसपर जब बटन दबाइयेगा तब मोदी के कान में झनझनाएगा.बिहार के भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर पर प्रशांत किशोर ने कहा कि, विभिन्न समाज के लगभग 80 परिवारों के बिजली, पानी और रहने की सही व्यवस्था के लिए भरत तिवारी लड़ रहा था और प्रशासन ने उसे गोली मार दी. ये रुकने वाला नहीं है. अगर आपको इसे रोकना है, तो बांकीपुर चुनाव में भाजपा को हराइए, तब जाके ही ये रुकेगा.बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पिता नवीन किशोर सिन्हा बांकीपुर सीट से चार बार विधायक रहे. उनके निधन के बाद बेटे नितिन नबीन ने 2006 में बांकीपुर उपचुनाव जीता. तब से लगातार इस सीट को जीतते रहे हैं. 2026 में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दे दिया. अब इस सीट पर उपचुनाव होगा. ऐसे में प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी में बांकीपुर में जनसंपर्क अभियान चला रखा है।
