टल गई UGC रोलबैक महापंचायत,जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद करणी सेना ने लिया बड़ा फैसला
दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाली ‘यूजीसी रोलबैक सवर्ण महापंचायत’ को फिलहाल टाल दिया गया है. यह फैसला केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत एवं उनके प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई मुलाकात के बाद लिया गया. केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बातचीत बहुत अच्छे माहौल में हुई. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और अगले तीन हफ्तों में उनके साथ दोबारा बैठक की जाएगी.जानकारी के मुताबिक यह बैठक प्रदर्शन शुरू होने से कुछ ही घंटे पहले केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के घर पर हुई. इसमें करणी सेना और अन्य संगठनों के कई प्रतिनिधि शामिल थे. इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी बैठक में मौजूद रहे.जेपी नड्डा ने सोशल मी़डिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया ‘आज मैंने अपने आवास पर राज शेखावत (क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष), यूजीसी रोलबैक सवर्ण महापंचायत समिति के संस्थापक और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा की’ नड्डा ने कहा, ‘इस बैठक में उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण माहौल में चर्चा हुई और सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी. हम अगले तीन हफ्तों में उनके साथ एक और बैठक करेंगे’.जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन का उद्देश्य आरक्षण नीतियों और हाल ही में अधिसूचित यूजीसी (उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता को बढ़ावा देने) विनियम, 2026 को लेकर चिंताएं उठाना था. इसी के विरोध में यह प्रदर्शन बुलाया गया था.इससे पहले दिल्ली पुलिस ने 20 सितंबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित इस प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, और दिल्ली हाई कोर्ट ने भी पुलिस के इस फैसले के खिलाफ तुरंत सुनवाई करने से मना कर दिया था.

दिल्ली पुलिस से अनुमति न मिलने के बाद क्षत्रिय करणी सेना द्वारा हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई थी.करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए एक सभी सामान्य नागरिकों से यूजीसी रोलबैक सवर्ण महापंचायत में शामिल होने का आह्वान किया था. अपनी पोस्ट में उन्होंने कहा था कि सरकार के समक्ष अपना पक्ष मजबूती से रखना है, इसलिए देश भर से आने वाले सभी साथियों, तैयार रहें, एक-दूसरे का सम्मान करें और प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों का पालन करें.प्रतिनिधिमंडल में समृद्ध सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शुभांशु सिंह राजपूत, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आरके सिंह, क्षत्रिय करणी सेना की राष्ट्रीय अध्यक्ष (महिला विंग) अधिवक्ता संगीता सिंह और सवर्ण महापंचायत समिति के कानूनी सलाहकार अधिवक्ता हिमांशु शर्मा शामिल थे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह भी मौजूद थे.
