मॉनसून की मूसलाधार बारिश से लोग हुए परेशान,इन राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट हुआ जारी
इन दिनों देशभर में मॉनसून की बरसात आफत बनकर बरस रही है. इस मॉनसूनी बारिश ने कई राज्यों में जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है. उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से लेकर पश्चिम तक मूसलाधार बारिश ने तबाही मचाई हुई है. नदियां उफान पर हैं. असम और ओडिशा समेत कई राज्यों में लोग बाढ़ से जूझ रहे हैं. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हो रहे हैं. शहरी इलाकों में बरसात के बाद जलजमाव और ट्रैफिक जाम हो रहा है. आज भी मौसम का रौद्र रूप दिख सकता है. मौसम विभाग ने आज भी संभावना जताई है कि देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश हो सकती है.मौसम विभाग के अनुसार, देश की राजधानी दिल्ली में आज आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इतना ही राज्य में 14 अगस्त तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने वाला है. यानी 14 अगस्त तक राज्य में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं आज राज्य में अधिकतम 34 तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.उत्तर प्रदेश में आज औक कल भारी बारिश हो सकती है.

आज और कल पूर्वी यूपी में तो कल यानी 10 अगस्त को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है. बिहार में 12 अगस्त तक कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है, लेकिन 13 और 14 अगस्त को राज्य भर में व्यापक रूप से भारी बारिश की संभावना है. वहीं आज राज्य में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट है.झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में आज से लेकर 14 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है. झारखंड में आज और कल, ओडिशा में कल और परसों भारी बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में 14 अगस्त तक व्यापक बरसात हो सकती है. आज इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई गई है.पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर आज से 12 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है. इस क्षेत्र में 11-12 अगस्त को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 11 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है. महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है. राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौरा जारी है. आज राज्य के पूर्वी हिस्से में कई जगहों पर बारिश का अनुमान है.पहाड़ी राज्यों में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है. आज से 14 अगस्त तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर मेंबारिश का अलर्ट जारी किया गया है. हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 10 अगस्त और 11 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.बिहार राज्य के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी बड़ी आशंका जताई गई है.मौसम विभाग ने जिन 18 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. उनमें बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल शामिल हैं. इनके अलावा सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, खगड़िया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, जमुई और बांका में भी बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है.मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 12 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का यह सिलसिला यूं ही बना रहेगा. उत्तर बिहार के कुछ जिलों में इस दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि 15 अगस्त के बाद ही पूरे प्रदेश में मौसम साफ हो सकेगा.बीते 24 घंटों की बात करें तो राजधानी पटना समेत 4 जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है. पटना में शनिवार की रात हुई तेज बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है. राज्य के कई अन्य जिलों में भी दिन भर काले बादल छाए रहे।
