तेज धूप और उमस के साथ तापमान में होने वाली है बढ़ोतरी,मानसून की विदाई का आ गया समय

देश से मानसून की विदाई हो गई हैं। ऐसे में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। राजधानी दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में गर्मी का असर फिर देखने को मिल रहा है। तेज धूप, उमस के साथ तापमान में बढ़ोतरी ने लोगों को परेशान कर दिया है। आमतौर पर अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही मौसम में ठंड का एहसास शुरू हो जाता है। लेकिन मौसम में बदलाव के चलते लोगों को गर्मी और उमस झेलनी पड़ रही है।आमतौर पर मानसून की विदाई 17 सितंबर से शुरू हो जाती है। एक सप्ताह के भीतर यह दिल्ली से भी वापस चला जाता है। मगर इस बार इसकी वापसी आठ से दस दिनों के बाद हो रही है। इसके चलते अनुमान है कि इस बार अक्टूबर सामान्य से अधिक गर्म रहेगा। अरसे बाद 137 दिनों तक बिना ब्रेक मानसून की सघन सक्रियता का असर शीत ऋतु पर भी पड़ सकता है।हालांकि यह काफी हद तक पश्चिमी विक्षोभ पर निर्भर करेगा।

हाल ही में मौसम विभाग ने दिसंबर-जनवरी के दौरान उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का अनुमान जताया था, लेकिन निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर ही ठंड बढ़ेगी।मौसम के वैज्ञानिकों का कहना है कि, पश्चिमी प्रशांत महासागर में अलनीनो के कमजोर पड़ने एवं ला-नीना के सक्रिय होने की प्रक्रिया भी आगामी दिनों में शुरू होगी, जो ठंड को बढ़ाने में सहायक हो सकती है। लेकिन कब से ठंड शुरू होगी इसके लिए एकदम सटीक अनुमान लगाना अभी मुश्किल है। ला-नीना के कारण सामान्य तौर पर तापमान में गिरावट आती है। सर्दियों में भी इसके चलते अधिक वर्षा होती है, जिससे देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में तापमान सामान्य से कुछ कम हो जाता है।