फिल्म मिर्जापुर ने एडवांस बुकिंग में कमा लिए इतने रुपये,इस दिन होगी रिलीज़
‘मिर्जापुर’ के फैंस के लिए इंतजार अब खत्म होने वाला है. लंबे समय से जिस फिल्म का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था, वह अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है. ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. वेब सीरीज में कालीन भैया और गुड्डू पंडित की दुश्मनी और सत्ता की लड़ाई ने लोगों को खूब एंटरटेन किया था और अब इसी कहानी को फिल्म के जरिए आगे बढ़ाया जा रहा है. यही वजह है कि फिल्म की रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर खूब चर्चा हो रही है. इस बीच फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरु हो गई है.जी हां, खास बात ये है कि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की एडवांस बुकिंग को लेकर अब कालीन भैया और गुड्डू भैया खुद मैदान में उतर आए हैं. फिल्म से जुड़े सितारे अपने-अपने अंदाज में फैंस को टिकट बुक करने के लिए कह रहे हैं. वहीं, सितारों ने फैंस को वॉर्निंग भी दे डाली है.एक्सल मूवीज ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट किया है.

इसमें कालीन भैया, गुड्डु भैया और बबलू पंडित नजर आते हैं. तीनों एक-एक करके अपने अंदाज में फैंस को फिल्म की टिकट बुक करने की अपील कर रहे हैं. कालीन भैया का अपना अलग ही रौब देखने को मिल रहा है. उनके अंदाज में फैंस को फिल्म देखने के लिए तैयार रहने का मैसेज दिया जा रहा है. ‘मिर्जापुर’ की दुनिया में जिस तरह कालीन भैया का दबदबा देखने को मिला है, उसी अंदाज को फिल्म के प्रमोशन में भी इस्तेमाल किया जा रहा है.कालीन भैया कहते हैं, आप इस बार टिकट बुक करने से चूके और मौका हाथ से निकल गया, रिस्क है. इसके बाद गुड्डू पंडित आते हैं और कहते हैं, घर पहुंचकर पश्चाताप हुआ और लोग सिनेमाघरों से लौट कर कहानी बता दिए तो रिस्क वहां भी है. इसके बाद बबलू पंडित आकर फैंस को अभी टिकट बुक करने की सलाह देते हैं.सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की एडवांस बुकिंग को लेकर अभी से अच्छा रिस्पॉन्स देखने को मिल रहा है. फिल्म के हिंदी 2D वर्जन के लिए देशभर में पहले दिन के करीब 23,813 टिकटों की प्री-सेल हो चुकी है. इससे फिल्म ने ब्लॉक सीटों को छोड़कर अब तक लगभग 78.89 लाख रुपये की कमाई कर ली है, जबकि ब्लॉक सीटों को जोड़ने पर इसका प्री-सेल कलेक्शन करीब 1.87 करोड़ रुपये पहुंच गया है. फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और एडवांस बुकिंग के लिए अभी करीब तीन दिन बाकी हैं. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि रिलीज से पहले टिकटों की बिक्री में और तेजी देखने को मिल सकती है.
