भाजपा ने कुशवाहा के लिए खोला दरवाजा,दीपक प्रकाश के लिए अपने MLC से दिलवाया इस्तीफा
बिहार विधान परिषद से बीजेपी के एमएलसी (MLC) देवेश कुमार ने इस्तीफा दे दिया है. खबर है कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा के बेटे मंत्री दीपक प्रकाश के लिए यह सीट खाली की गई है. बीजेपी एमएलसी देवेश कुमार की खाली हुई सीट से पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को विधान परिषद भेजे जाने की तैयारी है. दरअसल, दीपक प्रकाश बिहार के सीएम सम्राट चौधरी की सरकार में पंचायती राज मंत्री हैं, लेकिन वह अभी तक विधानसभा या विधान परिषद, किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं.संविधान के अनुसार, किसी भी मंत्री को पद पर बने रहने के लिए 6 महीने के भीतर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना अनिवार्य होता है.

ऐसे में दीपक प्रकाश के ये जरूरी है कि वो विधानसभा या विधान परिषद के सदस्य बनें और अपने पद पर बने रहें. इसी मुद्दे को लेकर उनके मंत्री पद पर संवैधानिक संकट की स्थिति बन गई थी. इस संबंध में मामला अदालत तक पहुंचा था और कोर्ट ने राज्य सरकार से जवाब भी मांगा था. इसके बाद सरकार ने दीपक प्रकाश को विधान परिषद भेजने के लिए बीजेपी ने अपने एक MLC से इस्तीफा दिलवाकर मंत्री दीपक प्रकाश के लिए जगह बना दी है और उनका मंत्री पद भी पक्का कर दिया है.
