जमुई के बाद समस्तीपुर में लड़की से बैड टच,सड़क चलती लड़की को दरिंदों ने दबोचा
बिहार के जमुई में सात युवकों पर लड़की के साथ दरिंदगी का मामला अभी सुर्खियों में ही था कि समस्तीपुर से भी ऐसी ही घटना सामने आई है. यहां सड़क से गुजर रही एक लड़की को कुछ युवकों ने दबोच लिया. गालियां भी दीं. पीड़िता उनसे छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी उसकी बेबसी पर हंसते नजर आए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.इस मामले में 4 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है. सदर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने इसकी पुष्टि की है. समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतसिंहपुर गांव की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, यहां एक लड़की सड़क से जा रही थी. तभी दो-तीन स्थानीय युवकों से उसको गलत तरह से छुआ. साथ ही गाली-गलौज करते हुए उसके साथ बदतमीजी की.

गांव में बांध बाइपास रोड पर युवकों ने लड़की से छेड़खानी, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया.लड़की एक लड़के के साथ बांध बाइपास रोड से जा रही थी. वह रास्ते में रुककर फोटो ले रही थी. तभी आसपास के कुछ युवकों के वहां पहुंचने और लड़की के साथ गाली-गलौज करने के साथ छेड़खानी और बैड टच का आरोप है. लड़की अपनी इज्जत-आबरू बचाने के लिए आरोपियों के सामने गुहार लगाती रही. इंसानियत के नाते छोड़ देने की बात कही.बाद में लड़की किसी तरह जान बचाकर अपने घर पहुंची और परिजनों को इसकी जानकारी दी. सूचना आग की तरह फैलते ही गांव के लोगों की भीड़ काफी संख्या में जमा हो गई. पुलिस को भी इस पूरे मामले की जानकारी दी गई. वहीं किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.इस मामले में समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मामले की जांच की जा रही है. आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. सदर डीएसपी 1 और स्थानीय थाने की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है. थाना अध्यक्ष और डीएसपी आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. सदर डीएसपी 1 सतीश सुमन ने भी कहा कि वायरल वीडियो मामले की जांच की जा रही है. वहीं कर्पूरीग्राम थाना अध्यक्ष ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है. मामले की जांच की जा रही है. पुलिस कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया है. आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. मामले मेंकेस दर्ज कर लिया गया है.
