यूपी में BJP को बड़ा झटका,2027 में क्या होगा?
पश्चिमी यूपी में BJP की मजबूत पकड़, ब्रज में कांटे का मुकाबला और गोरखपुर में सपा प्रत्याशी का तीसरे नंबर पर रहना अखिलेश यादव के लिए अच्छी खबर नहीं है. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले MLC चुनाव के नतीजों ने समाजवादी पार्टी की रणनीति, उम्मीदवार चयन और कोर वोट बैंक की एकजुटता पर सवाल खड़े किए हैं. सपा ने भले ही 11 में से 5 सीटें जीतकर अपनी ताकत दिखाई हो, लेकिन क्षेत्रवार नतीजे बताते हैं कि पार्टी के सामने अभी कई चुनौतियां हैं.पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रुहेलखंड की MLC सीटों पर आए नतीजे बताते हैं कि BJP की पकड़ अब भी मजबूत बनी हुई है. सहारनपुर, मेरठ की दोनों सीटों और बरेली-मुरादाबाद की शिक्षक सीट पर BJP ने जीत दर्ज की. वहीं, मेरठ और बरेली-मुरादाबाद की सीटों पर सपा के उम्मीदवार BJP को कड़ी चुनौती नहीं दे सके.ब्रज क्षेत्र में भी BJP अपनी स्थिति मजबूत बनाए हुए है.

आगरा की दो सीटों में से एक पर सपा और दूसरी पर BJP की जीत ने मुकाबले को कुछ हद तक संतुलित जरूर किया, लेकिन पूरे क्षेत्र के नतीजे सपा के लिए बहुत उत्साहजनक नहीं रहे.पश्चिमी यूपी की राजनीति इसलिए भी अहम है, क्योंकि इस क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन करने वाली पार्टी को प्रदेश की सत्ता तक पहुंचने में बड़ी मदद मिलती है. 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में BJP की बड़ी जीत में पश्चिमी यूपी का भी अहम योगदान रहा. वहीं, पिछले विधानसभा चुनाव में RLD के साथ गठबंधन के बावजूद सपा गठबंधन का प्रदर्शन BJP के मुकाबले कमजोर रहा.अखिलेश यादव के सामने चुनौती है कि वे मुस्लिम-जाट समीकरण के साथ-साथ गुर्जर, कश्यप, सैनी और अन्य पिछड़े समुदायों में अपनी पकड़ को वोटों में कैसे बदलें. इन समुदायों के नेताओं की सपा में एंट्री के बावजूद MLC चुनाव में उसका स्पष्ट असर दिखाई नहीं दिया.पश्चिमी यूपी में केवल गठबंधन और नेताओं की जॉइनिंग के भरोसे काम नहीं चलेगा. सपा को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच अपने समर्थन को चुनावी ताकत में बदलने की जरूरत होगी.गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC सीट का नतीजा सपा के लिए सबसे ज्यादा मंथन का विषय बन सकता है. यहां पार्टी के उम्मीदवार संजयन त्रिपाठी तीसरे नंबर पर रहे, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया. इस सीट पर सपा ने पहले कमलेश यादव को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन बाद में उनका टिकट काटकर संजयन त्रिपाठी को प्रत्याशी घोषित कर दिया. टिकट बदलने के फैसले से यादव मतदाताओं में नाराजगी की चर्चा रही.ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सपा के पारंपरिक यादव मतदाताओं का एक हिस्सा पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी के बजाय अपने सजातीय निर्दलीय उम्मीदवार राजीव यादव के साथ चला गया? सपा के लिए चिंता की बात ये है कि पार्टी का पारंपरिक आधार माने जाने वाले मतदाताओं के बीच अगर उम्मीदवार चयन को लेकर असंतोष पैदा होता है, तो उसका असर चुनावी प्रदर्शन पर पड़ सकता है. MLC चुनाव का ये नतीजा सपा नेतृत्व को टिकट वितरण और स्थानीय नेताओं की नाराजगी पर गंभीरता से विचार करने का संकेत देता है.गोरखपुर का नतीजा सपा के लिए एक और महत्वपूर्ण संदेश लेकर आया है. चुनाव के दौरान टिकट कटने या उम्मीदवार बदलने से पैदा होने वाली नाराजगी को यदि समय रहते दूर नहीं किया गया, तो उसका फायदा विरोधी उम्मीदवार उठा सकते हैं. 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदारों की संख्या ज्यादा होगी. ऐसे में टिकट न मिलने पर नाराज नेताओं को मनाना, संगठन में उनकी भूमिका तय करना और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखना अखिलेश यादव के लिए बड़ी चुनौती होगी. अगर सपा बागियों और नाराज नेताओं को संभालने में नाकाम रहती है, तो कई सीटों पर वोटों का बिखराव उसके लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है.MLC चुनाव के नतीजों से सपा को अपनी ताकत और कमजोरियों का आकलन करने का मौका मिला है. पश्चिमी यूपी और ब्रज में BJP की मजबूत स्थिति, गोरखपुर में सपा प्रत्याशी का तीसरे स्थान पर रहना और निर्दलीय उम्मीदवार की चुनौती पार्टी के लिए आत्ममंथन का विषय हैं.समाजवादी पार्टी पिछली बार तीन सीट जीती थी, लेकिन इस बार ये संख्या बढ़कर 5 हो गई. वाराणसी की दोनों सीटों पर कब्जा बरकरार रहा. झांसी प्रयागराज सीट पर भी दोबारा मिली. लखनऊ में एक सीट बीजेपी से छीन ली, यानी अवध में सपा ने मजबूत होने का संकेत दिया है. इसके अलावा आगरा की एक सीट सपा ने जीती
