दिल्ली-UP से बिहार तक बदला मौसम,बारिश, कोहरा और ठंड का अलर्ट!

 दिल्ली-UP से बिहार तक बदला मौसम,बारिश, कोहरा और ठंड का अलर्ट!
Sharing Is Caring:

दिल्ली, यूपी, राजस्थान, पंजाब समेत कई उत्तर भारतीय राज्यों में तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है. वहीं तूफान अकवान का असर दिन में भी रहने वाला है. झारखंड, बिहार से लेकर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत 12 राज्यों में बारिश की संभावना बना रही है. भारतीय मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक सोमवार के दिन बारिश और ठंड दोनों का अलर्ट देश के अलग-अलग राज्यों में जारी किया गया है. राजस्थान के माउंट आबू में तो ठंड की वजह से ओस जम गई, यहां के तापमान 0 डिग्री से नीचे चला गया है, जिसकी वजह से ठंड तेज हो गई है. IMD के मुताबिक पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से ठंड का असर बढ़ना शुरू हो गया है, मैदानी राज्यों में अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे उत्तर भारत में शीतलहर चलने की संभावना है.

1000906731

दिल्ली-NCR में मौसम तेजी से बदल रहा है. आज सुबह की शुरुआत कोहरे और धुंध के साथ हुई, सुबह करीब 6 बजकर 30 मिनट पर तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. वहीं दिन चढ़ने के साथ धूप खिलने की संभावना है और रात में सर्दी का सितम फिर बढ़ेगा, रात का तापमान 10 डिग्री तक आने की संभावना है. IMD के अनुसार दिल्ली में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, लेकिन रात में सर्दी बढ़ेगी. ठंड के साथ दिल्ली की सबसे बड़ी चिंता प्रदूषण बनी हुई है, आज सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 358 के आसपास दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है. मुख्य प्रदूषक PM2.5 है. कोहरे और धुंध के कारण प्रदूषक कण हवा में नीचे ही जमे रह रहे हैं, जिससे हवा साफ नहीं हो पा रही है. नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी यही हाल रहने वाला है, लोगों को सलाह दी गई है कि सुबह और शाम के समय हल्के गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दें, क्योंकि दिन और रात के तापमान में 12-13 डिग्री का बड़ा अंतर महसूस होगा।उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा में आज सुबह घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, IMD के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर समेत कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाएगा और कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है. बिहार में भी कई इलाकों में घना कोहरा और ठंड बढ़ने का अनुमान है. अगले 2-3 दिनों में यूपी में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. बिहार में भी न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरेगा, जिससे रात की ठंड और बढ़ जाएगी. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी सुबह के समय विजिबिलिटी घटकर 50 से 100 मीटर तक रह सकती है. पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चलेंगी।सर्द हवाओं का असर बढ़ने से राजस्थान में तेज सर्दी का दौर शुरू हो गया है. माउंट आबू में तापमान 0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे यहां ओस जम गई. सुबह और शाम के वक्त गलन वाली सर्दी बढ़ गई है, नागौर, सीकर, फतेहपुर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर, फलोदी, बाड़मेर और पाली में तापमान गिरने की वजह से ठंड ज्यादा होती जा रही है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले कुछ दिनों में राजस्थान के साथ-साथ मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के इलाकों में भी ठंड का असर तेजी से बढ़ना शुरू हो गया है. अगले कुछ दिनों में मौसम जैसे-जैसे साफ होगा ठंड का असर बढ़ेगा.मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक दिसंबर का महीना ठंडा होने वाला है. आने वाले एक हफ्ते में पहाड़ों पर तेज बर्फबारी होने वाली है, जिससे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की तरफ से सर्द हवाओं का रुख मैदानी राज्यों में बढ़ेगा, ऐसे में दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश से छत्तीसगढ़ तक तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और तेज हो सकता है।

Comments
Sharing Is Caring:

Related post