मशहूर रैपर बादशाह और एक्ट्रेस-मॉडल ईशा का तलाक!कुछ ही महीनों में टूट गई शादी
मशहूर रैपर और म्यूजिक कंपोजर बादशाह की पर्सनल लाइफ को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. बादशाह और उनकी दूसरी पत्नी एक्ट्रेस-मॉडल ईशा रिखी ने शादी के कुछ ही महीनों बाद अपनी राहें हमेशा के लिए अलग कर ली हैं. पिछले कई हफ्तों से दोनों के रिश्ते में अनबन और खटास की खबरें आ रही थीं, जिसपर अब दोनों ने आधिकारिक मुहर लगा दी है. सोमवार को दोनों ने सोशल मीडिया पर एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी करते हुए अपने तलाक की घोषणा की.इंस्टाग्राम पर जारी किए गए बयान में दोनों ने साफ किया कि ये फैसला किसी जल्दबाजी में नहीं बल्कि आपसी सहमति और सम्मान के साथ लिया गया है. स्टेटमेंट में लिखा गया, “मैंने और ईशा रिखी ने आपसी सहमति से अपनी राहें अलग करने और जिंदगी में आगे बढ़ने का फैसला किया है. ये फैसला आपसी सूझबूझ और सम्मान के साथ लिया गया है. हम इस मुश्किल समय में आप सभी से हमारी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील करते हैं. इस पूरे मामले पर ये हमारा इकलौता और आखिरी बयान होगा.

हम दिल से गुजारिश करते हैं कि हमारे रिश्ते को लेकर कोई भी मनगढ़ंत बातें या अटकलें न लगाई जाएं.”ये बयान भले ही दोनों की आपसी सहमति से जारी किया हुआ दिख रहा है, लेकिन दोनों के रिश्ते में दरार काफी पहले ही आ चुकी थी. कुछ समय पहले ईशा रिखी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया था, जिसने हर किसी को चौंका दिया था. ईशा ने पोस्ट में लिखा था, “कुछ ऐसी लड़ाइयां होती हैं, जो शरीर पर कोई निशान नहीं छोड़तीं. लंबे समय तक मैं इसलिए खामोश रही क्योंकि मैं डरी हुई थी. मुझे लगता था कि मेरे पति के पास बहुत प्रभाव, ताकत और साधन हैं, इसलिए चुप रहना ही सबसे सुरक्षित रास्ता है. लेकिन मेरी खामोशी कभी रजामंदी नहीं थी, वो सिर्फ जिंदा रहने की कोशिश थी. आज मैं डर के बजाय हिम्मत चुन रही हूं. शायद मैं पूरी कहानी सुनाने के लिए अभी तैयार नहीं हूं, लेकिन अब मैं ये दिखावा करने के मूड में बिल्कुल नहीं हूं कि सब कुछ ठीक है.”गौरतलब है कि बादशाह और ईशा रिखी के रिश्ते का सच इसी साल मार्च में सबके सामने आया था, जब ईशा की मां पूनम रिखी ने शादी की अनदेखी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिए थे. इसके बाद बादशाह ने भी ईशा के साथ बिना चेहरा दिखाए एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा था कि कायनात लोगों को मिलाने का अनोखा तरीका ढूंढ लेती है. लेकिन यह रिश्ता साल भर भी नहीं टिक सका और सिर्फ 5 महीने में दोनों एक दूसरे से अलग हो गए.
