70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े छात्र,पटना में पुलिस और छात्रों के बीच झड़प
पटना में छात्रों के ‘मुख्यमंत्री आवास घेराव’ मार्च के दौरान हंगामा हो गया. पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई. प्रदर्शनकारी छात्र 70वीं BPSC परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे हैं. इसको लेकर छात्रों ने गांधी मैदान से राजभवन तक मार्च का ऐलान किया था. राजभवन की ओर बढ़ते हुए छात्रों ने पुलिस के लगाए बैरिकेड्स तोड़ दिए. इसके बाद पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हो गई.बता दें कि पुलिस छात्रों को राजभवन तक जाने से रोक रही है लेकिन छात्र मानने को राजी नहीं है. प्रदर्शनकारी छात्र लगातार आगे बढ़ रहे हैं. छात्रों ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा रद्द करने समेत कई और मागें को लेकर सीएम आवास का घेराव करना चाहते हैं. इस पूरे मामले पर डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह ने कहा, हम उन्हें रोकेंगे. हम उन्हें आगे नहीं बढ़ने देंगे.डीएसपी ने कहा कि हालांकि, बातचीत सकारात्मक रही है और हमें उम्मीद है कि छात्र मान जाएंगे.

उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के सामने कई मुद्दे उठाए हैं और नतीजा सकारात्मक रहा है इसलिए, मुझे उम्मीद है कि भीड़ कम होगी और वे मान जाएंगे. अगर वे नहीं मानते हैं, तो हम उन्हें यहीं रोक देंगे. हम उन्हें प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने देंगे।बता दें कि सरकार से सकारात्मक बातचीत के बावजूद आंदोलनकारी छात्रों ने आज पटना में मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया है. छात्र 70वीं BPSC परीक्षा रद्द समेत कई मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से गर्दनीबाग में धरने पर बैठे हैं. छात्र टीचरों की भर्ती वाली परीक्षा टीआरई-4 से पीटी-मेंस और निगेटिव मार्किंग हटाने की भी मांग पर अड़े हैं. सरकार की तरफ से छात्रों की कई मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है. इसके बावजूद आज छात्र पटना की सड़कों पर उतरे हैं और सरकार के खिलाफ हल्लाबोल कर रहे हैं।
