तेजस्वी ने रेखा गुप्ता पर जताया भरोसा,बांकीपुर उपचुनाव के लिए राजद ने नाम का किया ऐलान
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे से खाली हुई बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव होना है. उम्मीवारी को लेकर तस्वीरें साफ होने लगी है. जन सुराज पार्टी के बाद अब मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल ने अपने कैंडिडेट के नाम का ऐलान कर दिया है.आरजेडी ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है. प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कैंडिडेट की घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी ने तय किया है कि इस बार भी रेखा गुप्ता ही हमारी प्रत्याशी होंगी. वह 2025 विधानसभा चुनाव में भी लड़ी थीं लेकिन नितिन नबीन से हार गईं थीं.मंगनी लाल मंडल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रेखा गुप्ता के नाम का ऐलान किया. उनके इस फैसले से कांग्रेस को झटका लगा है, क्योंकि कांग्रेस इस सीट के लिए अपनी दावेदारी जता रही थी.

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आरजेडी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को तेजस्वी यादव का करीबी माना जाता है. 50 वर्षीय रेखा वैश्य समुदाय से आती हैं. वह अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहती हैं.बांकीपुर उपचुनाव से प्रशांत किशोर अपनी चुनावी राजनीति की शुरुआत करने जा रहे हैं. रविवार को जन सुराज पार्टी ने उनकी उम्मीदवारी का ऐलान किया है. हालांकि पिछली बार उनकी प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रही थी, जमानत भी जब्त हो गई थी.बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी के नितिन नबीन ने आरजेडी की रेखा कुमारी गुप्ता को 52 हजार मतों से हराया था. बीजेपी कैंडिडेट को 98,299 वोट मिले थे, जबकि आरजेडी प्रत्याशी को 46,363 मत प्राप्त हुए थे. वहीं जन सुराज की वंदना कुमारी को सिर्फ 7,717 वोट मिले थे.
