स्कूलों में रात आठ बजे तक होगी पढ़ाई,बंद होंगे सभी कोचिंग-सीएम सम्राट का बड़ा ऐलान

 स्कूलों में रात आठ बजे तक होगी पढ़ाई,बंद होंगे सभी कोचिंग-सीएम सम्राट का बड़ा ऐलान
Sharing Is Caring:

अतरी विधानसभा क्षेत्र के देवगांव में एमएसएमई के 170 करोड़ रुपये की लागत वाले टेक्नोलॉजी सेंटर के शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विकास, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने एक ओर मॉडल स्कूलों को इतना बेहतर बनाने की बात कही कि कोचिंग सेंटरों की जरूरत ही खत्म हो जाए, वहीं अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश देते हुए कहा कि सुशासन तभी होगा जब अपराधी या तो जेल में हों या उनका पिंडदान गयाजी में हो।मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के लिए सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोले जा रहे हैं। इन स्कूलों में ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी कि विद्यार्थियों को निजी कोचिंग संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़े। उन्होंने कहा कि उनका सपना तब पूरा होगा जब नेताओं और अधिकारियों के बच्चे भी सरकारी स्कूलों में पढ़ेंगे।

1000055383

स्कूलों में रात आठ बजे तक पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि बिहार में अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आपराधिक चुनौती का जवाब 48 घंटे के भीतर दिया जाए। उन्होंने कहा कि 80 से 90 प्रतिशत अपराधी बिहार छोड़कर भाग चुके हैं। जो बचे हुए हैं, उनके बारे में जानकारी दें, पुलिस उनका इलाज करती रहेगी। सुशासन तभी संभव है जब अपराधी जेल में हों या उनका पिंडदान गयाजी में हो।मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों में रह रहे बिहारियों से अपने राज्य लौटकर निवेश और उद्योग स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार की प्रतिभा पूरे देश में अपनी पहचान बना चुकी है और अब समय आ गया है कि लोग अपने राज्य के विकास में भी योगदान दें। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार उद्योग लगाने वालों को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है और राज्य में निवेश का अनुकूल माहौल बनाया जा रहा है।

Comments
Sharing Is Caring:

Related post