मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का अब बदल गया पता,छोड़ दिया अपना पुराना आवास
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पता अब बदल गया है। वह अब एक अणे मार्ग स्थित लोक सेवक आवास में रहेंगे। बिहार सरकार की ओर से इसके लिए पत्र भी जारी कर दिया गया है। पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि भवन निर्माण विभाग ने मुख्यमंत्री आवास से संबंधित पूर्व में जारी व्यवस्था को समाप्त करने का आदेश जारी किया है। विभाग की ओर से चार जून 2026 को जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास संख्या-01, अणे मार्ग (लोक सेवक आवास) में मरम्मत कार्य के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आवास संख्या-05, देशरत्न मार्ग को अस्थायी रूप से मुख्यमंत्री आवास के विस्तारित हिस्से के रूप में चिन्हित किया गया था।भवन निर्माण विभाग के अनुसार, अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास का मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है और अब यह पुनः उपयोग के लिए उपलब्ध है। ऐसे में 30 अप्रैल 2026 को जारी अधिसूचना संख्या-3948 (भ) के तहत की गई अस्थायी व्यवस्था की आवश्यकता समाप्त हो गई है।

भवन निर्माण विभाग की ओर से कहा गया कि मुख्यमंत्री आवास संख्या-01, अणे मार्ग के सुचारु रूप से उपलब्ध हो जाने के बाद आवास संख्या-05, देशरत्न मार्ग को अस्थायी मुख्यमंत्री आवास के रूप में दी गई मान्यता वापस ले ली गई है। इतना ही नहीं 30 अप्रैल की अधिसूचना को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। भवन निर्माण विभाग ने यह भी उल्लेख किया है कि प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति प्राप्त है। आदेश संयुक्त सचिव-सह-भू-संपदा पदाधिकारी के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता राबड़ी देवी को पटना जिला प्रशासन ने 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। प्रशासन की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि निर्धारित अवधि के भीतर आवास खाली कर 39 हार्डिंग रोड स्थित आवंटित सरकारी आवास में स्थानांतरित होना होगा। जिला प्रशासन का कहना है कि पूर्व सीएम राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड में शिफ्ट होने का अनुरोध किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 15 दिनों के भीतर आवास खाली नहीं किए जाने की स्थिति में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
