पटना में पीएम मोदी आज करेंगे रोड शो,गांधी मैदान में होगा सम्राट कैबिनेट का शपथ समारोह
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में कल यानी 7 मई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण है. यह शपथ ग्रहण कई मायनो में खास होने वाला है. इस शपथ ग्रहण समारोह से पहले पीएम नरेंद्र मोदी पटना में रोड शो करेंगे.दरअसल, सम्राट चौधरी जब बिहार के मुख्यमंत्री बने थे तो बहुत ही सादा कार्यक्रम बिहार के लोक भवन में किया गया था. जहां सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री के तौर पर, विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लिए थे.पश्चिम बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद 7 मई को बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम को भव्य बनाया जा रहा है. इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में जेडीयू, बीजेपी, एलजेपीआर, हम और आरएलएम की तरफ से मंत्रिमंडल के सदस्य शपथ लेंगे. ये पहली बार हो रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार का शपथ गांधी मैदान में हो रहा है.इस मंत्रिमंडल विस्तार के कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए इसका आयोजन खास तौर पर पटना के गांधी मैदान में किया जा रहा है. इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष जैसे दिग्गज शामिल होंगे. इस शपथ ग्रहण समारोह में कई राज्यों के मुख्यमंत्री के शामिल होने की सूचना है.शपथ ग्रहण समारोह को खास और आकर्षित बनाने के लिए पटना के गांधी मैदान में बड़ा पंडाल बनाया गया है. चूंकि मौसम अनुकूल नहीं है इस वजह से जर्मन पंडाल के अंदर मंच बनाया गया है. जहां बिहार मंत्रिमंडल के सदस्य शपथ लेंगे. इस शपथ ग्रहण समारोह में पटना और आसपास के कई विधानसभा क्षेत्र के लोग, बीजेपी के कार्यकर्ता, जेडीयू के कार्यकर्ता, लोजपा (रामविलास), हम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल होंगे.बिहार में मुख्यमंत्री सहित 36 मंत्री की विभागीय सीट है. जिसमें पहले से मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्री शपथ ले चुके हैं. सूचना के मुताबिक 28 मंत्रिमंडल के सदस्य शपथ लेंगे. जिसमें जेडीयू की तरफ से 10, बीजेपी की तरफ से 13 से 14, लोजपा (आर) की तरफ से दो से तीन, हम और रालोमो की तरफ से एक-एक मंत्री शपथ लेंगे. बाकी विभागों के मंत्री के पद रिक्त रखकर उसका प्रभार मुख्यमंत्री या फिर दूसरे मंत्रियों को दिया जाएगा.मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10:30 बजे पटना एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे. एयरपोर्ट पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक रोड शो करेंगे. इस रोड शो में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी रहेंगे. गांधी मैदान में 12:10 बजे मंत्रिमंडल विस्तार का शपथ ग्रहण समारोह किया जाएगा.सूत्रों के अनुसार, पार्टी आलाकमान ने मंत्रियों की सूची को अंतिम मंजूरी दे दी है, जिससे बिहार में कैबिनेट विस्तार का रास्ता साफ हो गया है. इससे पहले, सीएम सम्राट चौधरी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गठबंधन के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी.कार्यक्रम को लेकर बीजेपी विधायक रामकृपाल यादव ने कहा कि यह आयोजन किसी तरह का शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि जनता के बीच बढ़ते भरोसे और उत्साह का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि हाल के चुनावी नतीजों और विभिन्न राज्यों में पार्टी की सफलता ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नया जोश भर दिया है. बीजेपी लगातार अलग-अलग राज्यों में मजबूत हो रही है और यह उसी का एक उदाहरण है.शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासन ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू कर दी है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और कार्यक्रम की सुरक्षा को देखते हुए सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक या कार्यक्रम समाप्ति तक शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है. केवल आपातकालीन सेवाओं, आमंत्रित अतिथियों और पास धारक वाहनों को ही छूट दी जाएगी.जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, डुमरा टीओपी (शेखपुरा मोड़) से एयरपोर्ट तक, एयरपोर्ट गोलंबर से पटेल गोलंबर, राजेंद्र चौक से पटेल गोलंबर, तथा पटेल गोलंबर से आयकर गोलंबर तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूर्णतः बंद रहेगा. इसके अलावा चितकोहरा गोलंबर से उत्तर, गर्दनीबाग आरओबी और आर ब्लॉक आरओबी के उत्तर क्षेत्र में भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा.बेली रोड पर बोरिंग रोड क्रॉसिंग से लेकर आयकर गोलंबर तक दोनों ओर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा. आयकर गोलंबर से डाकबंगला, जेपी गोलंबर, रामगुलाम चौक, कारगिल चौक और चिल्ड्रेन पार्क तक का मार्ग भी आम वाहनों के लिए निषिद्ध रहेगा. वहीं पटना जंक्शन से डाकबंगला की ओर जाने वाले वाहनों पर भी रोक लगाई गई है.गांधी मैदान के चारों ओर किसी भी प्रकार के वाहन, ठेला या खोमचा की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. मैदान के अंदर भी किसी वाहन का प्रवेश वर्जित रहेगा. भट्टाचार्य मोड़ से गांधी मैदान की ओर तथा ठाकुरबाड़ी मोड़ और बाकरगंज से पश्चिम दिशा में भी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा.बुद्धमार्ग, कोतवाली, पुलिस लाइन तिराहा और अशोक राजपथ के कई हिस्सों में भी यातायात को नियंत्रित किया गया है. जामुन गली मोड़ से कारगिल चौक की ओर जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा. इसके साथ ही न्यू डाकबंगला से एसपी वर्मा रोड में भी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह निषेध रहेगा.जेपी गोलंबर से चिल्ड्रेन पार्क के बीच का मार्ग केवल आपातकालीन सेवाओं के लिए सुरक्षित रखा गया है. इस मार्ग से एम्बुलेंस और आवश्यक सेवाएं पीएमसीएच सहित अन्य अस्पतालों तक पहुंचेंगी. आम नागरिकों के लिए इस मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी.आम लोगों के वाहनों के लिए जेपी गंगा पथ (दीघा गोलंबर से कंगन घाट तक), कृष्णा घाट से पुराने अशोक राजपथ तक तथा पटना कॉलेज और पटना साइंस कॉलेज परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है.विशिष्ट और अति विशिष्ट अतिथियों के लिए गांधी मैदान के विभिन्न गेटों से प्रवेश और पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की गई है. प्रधानमंत्री का काफिला गांधी मैदान के गेट नंबर 1 से प्रवेश करेगा, जबकि मंत्रीगण और मंचासीन अतिथि गेट नंबर 12 से प्रवेश करेंगे. मीडिया कर्मियों के लिए गेट नंबर 11 निर्धारित किया गया है.कार्यक्रम के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए गांधी मैदान के सभी प्रमुख गेटों पर चिकित्सक, एम्बुलेंस और जीवन रक्षक दवाओं की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा पीएमसीएच, एनएमसीएच और आईजीआईएमएस समेत निजी अस्पतालों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है.जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से गांधी मैदान क्षेत्र में न आएं. एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान से कम से कम तीन घंटे पहले घर से निकलें और जगदेव पथ जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.
