शिवराज सिंह चौहान की देखरेख में चुना जाएगा नया सीएम,बिहार में सरकार बनाने को लेकर कवायद तेज
नीतीश कुमार की राज्यसभा शपथ के बाद बिहार में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. अब वो कभी भी मुख्यमंत्री का पद छोड़ सकते हैं. राज्य में सीएम के नाम को लेकर कई नेताओं के नाम सामने आए हैं. जिनमें सम्राट चौधरी का नाम सबसे ऊपर है. इस बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि राज्य में नई सरकार की गठन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है.रविवार (12 अप्रैल) को मीडिया से बात करते हुए विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नई सरकार की गठन को लेकर तैयारी तेज हो गई है और सभी नेता मुलाकात कर रहे हैं. उन्होंने यह बात सीएम नीतीश कुमार से उनके सरकारी आवास एक अणे मार्ग पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की हुई मुलाकात के बाद कही.वहीं जब JDU नेता से सीएम नीतीश कुमार इस्तीफे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होने कहा कि जल्द ही इस बारे में पता चल जाएगा. वहीं राज्य के नए मुख्यमंत्री के चेहरे पर उन्होंने कहा कि यह बीजेपी को तय करना है. उनकी अनुशंसा पर एनडीए के विधायक दल में नेता चुना जाएगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वही चुना जाएगा, जो एनडीए की विधायक दल का नेता होगा. इसमें बीजेपी की भूमिका होगी. उन्होंने कहा कि बीजेपी अनुशंसा करेगी तब जाकर नाम पर मुहर लगेगी.उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा की शपथ ली, वह पहले भी 15 साल पार्लियामेंट में रहे हैं. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को जो समर्थन मिला उसमें एनडीए के पांचो दलों का सहयोग रहा. उन्होंने कहा कि बिहार में जो नई सरकार बनेगी नीतीश कुमार के मार्गदर्शन से चलेगी. उन्होंने कहा कि जब संसद का सत्र होगा उस समय नीतीश दिल्ली जाएंगे उनका लगाव बिहार से है.वहीं तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले भी तेजस्वी को इस बात की चिंता थी कि पार्टी का क्या होगा? उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइटेड नीतीश कुमार के द्वारा ईमानदारी से बनाई हुई पार्टी है.

अपने खून पसीने से इस पार्टी को बनाया है. 20 साल से नीतीश कुमार के नेतृत्व में जनता दल यूनाइटेड में जो काम किया है, वह बिहार की जनता के दिल में है और लोगों के दिल से जेडीयू को नहीं मिटाया जा सकता है.भारतीय जनता पार्टी ने विधायक दल का नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार के ऑब्जर्वर नियुक्त किया है. अब बिहार के सीएम का चुनाव शिवराज सिंह चौहान करेंगे. माना जा रहा है कि शिवराज सिंह चौहान जल्द ही बिहार में बीजेपी के सभी विधायकों के साथ पहले बैठक करेंगे. इसके बाद नए सीएम के नाम पर मुहर लगाई जाएगी. यानि बिहार में बीजेपी की तरफ से नए मुख्यमंत्री के चुनाव में अब शिवराज सिंह चौहान की भूमिका अहम हो गई है।इससे पहले बिहार में नए सीएम को लेकर भी कई नामों की चर्चा चल रही थी. इस बीच बीजेपी हाईकमान ने चौंकाने वाले फैसला लेते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को इसकी जिम्मेदारी सौंप दी. राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी के आलाकमान ने तय किया है कि बिहार का नया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की देखरेख में चुना जाएगा.वहीं, बीजेपी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा है कि ‘भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि एवं कल्याण, ग्रामीण विकास मंत्री, भारत सरकार को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है.बिहार सरकार के मुताबिक, 14 अप्रैल को सुबह 11 बजे मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है. सूत्रों के अनुसार, इस बैठक से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जाएंगे. इस कार्यक्रम के बाद कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी. ये बैठक बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि कयास लगाए जा रहे हैं कि यह उनके कार्यकाल की अंतिम बैठक हो सकती है. इस बैठक में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित रह सकते हैं।इसके साथ ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि इंडिया गठबंधन में भी नीतीश कुमार का महत्वपूर्ण स्थान था. जिस दिन वो गठबंधन से अलग हुए थे गठबंधन भी खत्म हो गया. उन्होंने कहा किइन लोगों की कोई विचारधारा देश के लिए नहीं थी. नीतीश कुमार ने कहा कि इनको सत्ता के अलावा कोई मतलब नहीं है. इनकी कोई पॉलिसी नहीं थी. उन्होंने कहा कियह लोग सत्ता में कैसे रहें? यही सोचते हैं. इनका एक ही एजेंडा है कि बीजेपी को हरा देना है, लेकिन उसके बाद क्या करना है? उसका कोई एजेंडा नहीं है।
