शराब घोटाले मामले में केजरीवाल की मिली क्लीनचिट,कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला
दिल्ली शराब घोटाले केस में राउज एवेन्यू कोर्ट ने केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) को झटका देते हुए आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को बरी कर दिया है. जज जितेंद्र सिंह ने अपने फैसले में केजरीवाल और सिसोदिया के खिलाफ कोई सबूत न होने की बात कही है. फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पत्रकारों से बात करने आए।

इस दौरान केजरीवाल सिसोदिया से गले लगकर रो पड़े. 2022 में पहली बार सामने आए इस घोटाले ने आप को काफी नुकसान पहुंचाया.पहले इस केस में केजरीवाल, सिसोदिया और संजय सिंह समेत उसके कई बड़े नेता जेल गए. वहीं बाद में उसे दिल्ली की सत्ता भी गंवानी पड़ी. अब जिस तरीके से केजरीवाल को इस केस में क्लीनचिट मिली है, उससे सवाल उठ रहे हैं कि आने वाले वक्त में क्या केजरीवाल को इसका सियासी फायदा मिलेगा? अगर हां तो कहां और कैसे?2012 में गठित आम आदमी पार्टी का वर्तमान में दिल्ली, पंजाब, गुजरात, कश्मीर, हिमाचल, गोवा जैसे राज्यों में सियासी दबदबा है. पंजाब में आप की सरकार है. वहीं गुजरात में आप तीसरी बड़ी पार्टी है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी विपक्ष की भूमिका में है. अगले 2 साल में इनमें से गुजरात, पंजाब, गोवा और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने हैं।इन राज्यों में अरविंद केजरीवाल मजबूती से मैदान में उतर सकते हैं. केजरीवाल राउज एवेन्यू कोर्ट से मिले क्लीनचिट को भी इन चुनावों में भुना सकते हैं. आप ने इसके संकेत भी दिए हैं. पार्टी के सोशल हैंडल से लिखा गया- ये आंसू BJP की झूठी और फर्जी राजनीति पर भारी पड़ेंगे।
