शिक्षक बहाली को लेकर आया बड़ा अपडेट,TRE 4 के लिए सितंबर में होगा परीक्षा!
बिहार लोक सेवा आयोग की तिथि निर्धारण समिति की बैठक मंगलवार को संपन्न हुई, जिसमें आयोग के अध्यक्ष रवि मनु भाई परमार के साथ आयोग के सभी सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक में चौथे चरण की शिक्षक बहाली परीक्षा यानी टीआरई 4 को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.आयोग ने स्पष्ट किया कि इस बहाली प्रक्रिया का नोटिफिकेशन जल्द जारी किया जाएगा ताकि अभ्यर्थियों को तैयारी और आवेदन की प्रक्रिया के लिए पर्याप्त समय मिल सके. लंबे समय से टीआरई 4 का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है.बैठक में निर्णय लिया गया कि चौथे चरण की शिक्षक बहाली का नोटिफिकेशन मार्च महीने में होली के बाद जारी कर दिया जाएगा. नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अप्रैल महीने के कुछ सप्ताह तक यानी लगभग एक महीने तक ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चलेगी.

आयोग का मानना है कि इस अवधि में सभी अभ्यर्थियों को आवेदन करने का पर्याप्त अवसर मिल जाएगा. इसके साथ ही आयोग ने यह भी संकेत दिया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएगी, जिससे किसी भी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक परेशानी से बचा जा सके.बैठक में यह भी चर्चा की गई कि बिहार में जून और जुलाई महीने के दौरान कई क्षेत्रों में बाढ़ की समस्या उत्पन्न हो जाती है. इस कारण परीक्षा तिथि तय करते समय मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखना जरूरी है. इन्हीं वजहों से यह फैसला लिया गया कि टीआरई 4 की परीक्षा सितंबर महीने में आयोजित की जाएगी.सितंबर के समय मौसम अपेक्षाकृत अनुकूल रहता है और परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कम कठिनाई होती है. परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और अन्य प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करते हुए नवंबर महीने तक परिणाम प्रकाशित करने का लक्ष्य रखा गया है.’चौथे चरण की शिक्षक बहाली को लेकर एक तरफ जहां अभ्यर्थियों में राहत है कि नोटिफिकेशन जल्द आने वाला है, वहीं दूसरी ओर परीक्षा की तारीख आगे बढ़ने से उनका इंतजार लंबा हो गया है. अब यह संभावना जताई जा रही है कि इस वैकेंसी के तहत बहाली प्रक्रिया इस साल के अंत या अगले वर्ष की शुरुआती महीनों में पूरी हो पाएगी. आयोग के स्तर पर यह प्रयास किया जा रहा है कि पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और विवाद मुक्त तरीके से संपन्न हो.चौथे चरण की शिक्षक बहाली में लगभग 46000 पदों पर नियुक्ति की जाएगी. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किस श्रेणी और किस विषय में कितनी रिक्तियां होंगी. आयोग ने संकेत दिया है कि नोटिफिकेशन जारी होने के साथ ही यह विवरण भी साफ कर दिया जाएगा कि प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर पर किस विषय के लिए कितने शिक्षकों की जरूरत है. शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए यह जानकारी बेहद महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि उसी आधार पर वे अपनी रणनीति और तैयारी को अंतिम रूप दे सकेंगे.
