नितिन नवीन का आज पटना पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत,भगवा गमछे और नारों से गूंज उठा राजधानी
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन सोमवार को पहली बार पटना पहुंचे. राजधानी पहुंचते ही पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया. पटना एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और नारों के बीच नितिन नवीन का अभिनंदन किया गया. स्वागत के दौरान “जोड़ी नीतीश-मोदी के हिट हो गइल” गीत भी बजाया गया. जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय बन गया.राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर पटना में जगह-जगह स्वागत पोस्टर लगाए गए. एयरपोर्ट से लेकर बापू सभागार तक पार्टी कार्यकर्ताओं में खास उत्साह दिखा. स्वागत के लिए बाइक रैली भी निकाली गई, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए. पूरे रास्ते भगवा झंडे और बैनर लहराते नजर आए.बापू सभागार में अभिनंदन समारोहभाजपा की ओर से बापू सभागार में नितिन नवीन के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया. सभागार पूरी तरह भगवा रंग में रंगा नजर आया. मंच से लेकर दर्शक दीर्घा तक भगवा गमछे लहराते दिखे. जैसे ही नितिन नवीन मंच पर पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने तालियों और नारों से उनका स्वागत किया.

इस समारोह में बिहार के सभी जिलों से हजारों भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे. कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे. संगठन को और अधिक मजबूत करने का संदेश देंगे. पार्टी नेतृत्व ने इसे संगठन के लिए नई ऊर्जा का क्षण बताया.प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि 45 साल की उम्र में नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बिहार के लिए सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि यह पूरे राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का क्षण है और इससे संगठन को नई दिशा मिलेगी.अपने दो दिवसीय बिहार दौरे के दौरान नितिन नवीन कई संगठनात्मक और राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. नागरिक अभिनंदन समारोह के बाद वे पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेंगे.मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार विधानसभा जाएंगे. वहां विधायक और विधानपार्षद उनका स्वागत करेंगे. इसके बाद वे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के एक कार्यक्रम में भाग लेंगे. शाम को पटना एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
