लोन की ब्याज दरें रहेंगी स्थिर,रेपो रेट में RBI ने नहीं किया कोई बदलाव
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस बार रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखने की घोषणा की। आरबीआई के इस फैसले की वजह से लोन की ब्याज दरें भी जस की तस रहेंगी और ग्राहकों को कोई नहीं राहत नहीं मिलेगी। संजय मल्होत्रा ने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर कहा कि भारत की इकोनॉमी और ग्रोथ अभी मजबूत स्थिति में है। उन्होंने बताया कि देश में महंगाई अभी भी नियंत्रित दायरे में बनी हुई है। आरबीआई गवर्नर ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के लिए महंगाई अनुमान को 3.9 प्रतिशत से बढ़ाकर 4 प्रतिशत कर दिया है। जबकि, दूसरी तिमाही के लिए महंगाई के अनुमान को 4 प्रतिशत से बढ़ाकर 4.2 प्रतिशत कर दिया है।

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया कि बदलती मैक्रो-आर्थिक परिस्थितियों और आर्थिक परिदृश्य के विस्तृत आकलन के बाद MPC ने सर्वसम्मति से नीतिगत रेपो दर को 5.25 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखने का फैसला किया। इस फैसले के साथ ही स्टैंडिंग डिपॉजिट फैसिलिटी (SDF) दर 5 प्रतिशत पर बनी रहेगी, जबकि मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (MSF) दर और बैंक रेट 5.5 प्रतिशत पर यथावत रहेंगे।
