भारत पर लगे टैरिफ को ट्रंप ने कर दिया कम,पीएम मोदी से बातचीत में क्या हुआ डील?
अमेरिका ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को घटा दिया है। भारतीय सामानों पर टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच आज फोन पर बातचीत हुई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा एलान करते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के कारण और उनके अनुरोध पर तत्काल प्रभाव से हमने अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति व्यक्त की, जिसके तहत अमेरिका पारस्परिक शुल्क को 25% से घटाकर 18% कर देगा।’अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘भारत भी इसी प्रकार अमेरिका के विरुद्ध अपने शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री ने 500 अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य कई उत्पादों के अलावा, अमेरिकी उत्पाद खरीदने के लिए भी प्रतिबद्धता जताई।’उन्होंने कहा, ‘भारत के साथ हमारे शानदार संबंध भविष्य में और भी मजबूत होंगे।

प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे व्यक्ति हैं जो काम को अंजाम देते हैं, जो कि अधिकांश लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।’अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। इस बातचीत की जानकारी भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने साझा की। दोनों नेताओं के बीच भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी, द्विपक्षीय सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर साझा की। इसके साथ ही उन्होंने एक्स पर लिखा – पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बात हुई है। बने रहे…!अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिल्ली स्थित इंडिया गेट की प्रशंसा करते हुए इसे भारत का खूबसूरत ट्रायम्फल आर्क (विजयसूचक मेहराब) बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इंडिया गेट की फोटो साझा करते हुए ट्रंप ने कहा कि वे अमेरिका में भी ऐसा ही एक स्मारक बनाएंगे, जो दुनिया में सबसे भव्य होगा। ट्रंप ने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से कहा कि दुनिया के 57 प्रमुख शहरों में ऐसे आर्क हैं, लेकिन वाशिंगटन में नहीं है। उन्होंने इसके निर्माण के लिए एक समिति गठित की है। ट्रंप ने कहा, हम सबसे शक्तिशाली राष्ट्र हैं, इसलिए हमारा आर्क सबसे बड़ा और सुंदर होगा। बता दें कि 42 मीटर ऊंचा इंडिया गेट प्रथम विश्व युद्ध के 70,000 शहीद भारतीय सैनिकों की स्मृति में बनाया गया था।बता दें कि अमेरिका और भारत के बीच टैरिफ को लेकर तनाव चल रहा है। हालांकि, दोनों देशों के बीच अहम व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। अमेरिकी ने पिछले साल रूस के भारत द्वारा तेल खरीद को लेकर टैरिफ लगा दिए थे। जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव आ गया था। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले पीएम मोदी से बीते साल अक्तूबर में बातचीत की थी। ट्रंप ने पीएम मोदी को फ़ोन कर उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दी थीं।इसके अलावा, ट्रंप ने रविवार को दावा किया कि भारत समेत कई देशों की ओर से वेनेजुएला से तेल आयात शुरू होने की उम्मीद है, जिसके पास दुनिया का सबसे बड़ा कच्चे तेल का भंडार है। उन्होंने कहा कि यह कदम वेनेजुएला में हुए कानूनी सुधारों के बाद उठाया गया है। अमेरिका की सेना ने एक अभियान के बाद अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिया था। जिसके बाद डेल्सी रोड्रिगेज को कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाया गया। इसके बाद से अमेरिका वेनेजुएला पर नियंत्रण रख रहा है और वेनेजुएला का तेल क्षेत्र निजी निवेश के लिए खोल दिया गया है। दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब विदेश मंत्री एस जयशंकर ने वॉशिंगटन की तीन दिवसीय यात्रा शुरू की है।
