आज से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा,श्रद्धालुओं का पहला जत्था हुआ रवाना
जम्मू कश्मीर में आज गुरुवार 2 जुलाई से अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो गई है। सुबह-सुबह श्रद्धालुओं का पहला जत्था बाबा बर्फानी के जयकारे के साथ बेस कैंप के लिए रवाना हो गया। जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई। इससे पहले उन्होंने सबके लिए पूजा-अर्चना की। इसके बाद अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना हुआ। श्रद्धालु बाबा के जयकारे के साथ बेस कैंप से रवाना हुए।बता दें कि पहलगाम और बालटाल बेस कैंप से कल सुबह से यात्रा शुरू होगी जो 28 अगस्त तक चलेगी। कुल मिलाकर ये यात्रा 57 दिनों तक चलेगी। वहीं, सरकार की ओर से अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों की पैनी नजर है और सरकार के निर्देश साफ हैं कि बाबा के भक्तों को कोई भी तकलीफ ना हो। हालांकि, यात्रा और सुरक्षा को लेकर भक्त बेहद खुश हैं।जम्मू कश्मीर में हर-हर महादेव की गूंज के साथ भक्तों का पहला जत्था अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हो गया है। ये श्रद्धालु कल शुक्रवार को बाबा बर्फानी के पहले दर्शन करेंगे। अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), जम्मू-कश्मीर पुलिस और सभी सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर यात्रियों की सुरक्षा कड़ी कर दी है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी अधिकारियों के साथ बैठक की थी और अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया था। अमित शाह ने एक बहु-स्तरीय और अभेद्य सुरक्षा घेरा बनाने का निर्देश दिया था।आपको बता दें कि अमरनाथ गुफा जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित है। ये गुफा करीब 3,880 मीटर ऊंचाई पर मौजूद है। अमरनाथ यात्रा अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम रूट और गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे, लेकिन अधिक खड़ी चढ़ाई वाले बालटाल रूट से एक साथ शुरू होती है। हर साल यात्री यहां पहुंचकर बाबा बर्फानी के दर्शन करते हैं।
