बारिश की फिर से होने वाली है एंट्री,जान लीजिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट
उमस भरी गर्मी से परेशान उत्तर भारत के लिए राहत भरी खबर है. उत्तर प्रदेश में एंट्री के बाद दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान की दहलीज पर मॉनसून पहुंच चुका है. लेकिन मॉनसून के घने बादलों के पहले ही प्री मॉनसून बारिश होने लगी है. नोएडा, गाजियाबाद समेत दिल्ली एनसीआर में आज सुबह के वक्त बारिश देखने को मिली. दिल्ली एनसीआर में अगले 4-5 दिनों के दौरान ऐसे ही बारिश का मौसम रहने की संभावना है. कहीं जगहों पर बिजली की चमक के साथ बादलों की गरज भी रहेगी.दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 2 जुलाई के दौरान बरसात होने का अनुमान है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 से 6 जुलाई के दौरान बारिश होने का अलर्ट है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 से 3 जुलाई और 3 से 5 जुलाई के दौरान बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान में 6 जुलाई तक कहीं-कहीं जगहों पर बारिश होने की संभावना है. पूर्वी राजस्थान में 2 से 6 जुलाई के दौरान बरसात होने का अलर्ट है. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के इलाकों में आज बारिश की संभावना है।बिहार में मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो गया है. मौसम विभाग ने आज पूरे राज्य में झमाझम बारिश की संभावना जताई है. मौसम की गंभीरता को देखते हुए सभी 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. पटना समेत 13 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. वहीं, शेष 25 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान राज्य में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं.मौसम विभाग ने उत्तर और सीमांचल के 13 जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है. इन जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण शामिल हैं. इसके अलावा वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर और कटिहार में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.राजधानी पटना और गया समेत राज्य के 25 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट है .

इन जिलों में बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद, नालंदा, नवादा और शेखपुरा शामिल हैं. इसके साथ ही बेगूसराय, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया में भी बादल बरसेंगे.मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बिहार में अगले 5 दिनों तक मानसून का असर दिखेगा. राज्य के अधिकांश हिस्सों में घने बादल छाए रहेंगे. कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा. तेज हवाओं के कारण अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलेगी.बिहार में मानसून ने रफ्तार जरूर पकड़ी है, लेकिन आंकड़े अब भी चिंताजनक हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून तक बिहार में केवल 87.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है. जबकि इस अवधि के दौरान सामान्य औसत वर्षा 163.3 मिमी होनी चाहिए थी. इस लिहाज से राज्य में अब तक सामान्य से 46 प्रतिशत कम बारिश हुई है. हालांकि, मौसम विभाग को उम्मीद है कि मौजूदा सिस्टम के कारण अगले कुछ दिनों में इस कमी की भरपाई हो जाएगी।मानसून की चाल इस बार धीरे-धीरे आगे बढ़ी लेकिन अब तस्वीर तेजी से बदल रही है. IMD के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार के शेष हिस्सों और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों तक पहुंच चुका है. अगले दो से तीन दिनों में इसके दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के बड़े हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि जुलाई के पहले सप्ताह में बनने वाला नया निम्न दबाव क्षेत्र देश के मध्य और उत्तर-पश्चिम हिस्सों में अच्छी बारिश करा सकता है. हालांकि इसके साथ तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं. लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है।
