अगस्त में आएगा शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन,सितंबर में हो सकती है परीक्षा!
बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) का इंतजार कर रहे युवाओं का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। शिक्षा विभाग ने 32,388 शिक्षकों के पदों पर भर्ती के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी घोषणा करते हुए इसे बिहार के युवाओं के लिए एक और ऐतिहासिक सौगात बताया।मुख्यमंत्री ने कहा कि TRE-4 के तहत 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग ने बिहार लोक सेवा आयोग को अधियाचना भेज दी है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का लक्ष्य शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। इस भर्ती में सबसे अधिक 16,101 पद 11वीं और 12वीं कक्षा के शिक्षकों के लिए निर्धारित किए गए हैं।

इसके अलावा प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर भी बड़ी संख्या में रिक्तियां निकाली गई हैं।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस भर्ती प्रक्रिया से एक ओर जहां हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिलेगी, वहीं दूसरी ओर राज्य के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी भी दूर होगी।बिहार के सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों युवा लंबे समय से टीआरई 4 परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। इसका नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर कई बार पटना समेत बिहार के अन्य जिलों में आंदोलन और प्रदर्शन हो चुके हैं। इसके बाद राज्य सरकार ने जुलाई महीने तक भर्ती निकालने का आश्वासन दिया था।बता दें कि चौथे चरण की शिक्षक बहाली परीक्षा पिछले साल ही आयोजित की जानी थी। मगर विभिन्न कारणों की वजह से इस भर्ती में देरी हुई, जिससे अभ्यर्थियों का सब्र टूटने लगा।सम्राट सरकार द्वारा बीपीएससी को अधियाचना भेजे जाने के बाद टीचर अभ्यर्थियों को राहत मिली है। अब उन्हें बीपीएससी के नोटिफिकेशन का इंतजार है। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद टीआरई 4 परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।बता दें कि सीएम सम्राट चौधरी के इस ऐलान से उन शिक्षक अभ्यर्थियों को राहत मिली है जो इसके लिए महीनों से इंतजार कर रहे थे. माना जा रहा है कि अगस्त में भर्ती से संबंधित विज्ञापन भी जारी हो जाएगा. उधर छात्र नेता दिलीप कुमार ने बिहार के शिक्षा मंत्री को चेतावनी देते हुए मांग की है कि टीआरई-4 का विज्ञापन एकल परीक्षा के साथ जारी हो नहीं तो इस्तीफा तैयार रखें.दूसरी ओर इतने पदों पर भर्ती की जानकारी दिए जाने के बाद शिक्षक अभ्यर्थियों में नाराजगी देखने को मिल रही है. शिक्षक अभ्यर्थियों का कहना है कि पहले वादा किया गया था कि 46,000 पदों पर भर्ती निकलेगी।वहीं दूसरी तरफ सम्राट कैबिनेट ने राज्य में आंगनवाड़ी सेविका और सहायिका के 22 हजार पदों पर बहाली को मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही लंबे समय से बंद पड़ी दरभंगा के रैयाम और मधुबनी के सकरी चीनी मिल को फिर से शुरू करने का फैसला भी लिया गया है. बैठक में सड़क, पुल, सिंचाई, पेयजल और कृषि क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को भी स्वीकृति दी गई.सरकार के इन फैसलों को रोजगार, बुनियादी ढांचे और कृषि क्षेत्र को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. खासकर आंगनवाड़ी में 22 हजार पदों पर होने वाली बहाली से बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं को रोजगार का अवसर मिलने की उम्मीद है, जबकि बंद पड़ी चीनी मिलों के दोबारा शुरू होने से स्थानीय किसानों और मजदूरों को भी फायदा होगा।
