नीतीश कुमार ने 12 बजे रात को पीएम मोदी को किया बर्थडे विश तो बोली आरजेडी-इतनी जल्दीबाजी तो प्रेमी युगल भी नहीं करते…
नरेंद्र मोदी आज अपना 74वां जन्मदिन मनाएंगे. देश भर से उन्हें जन्मदिन की बधाई मिल रही है. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है. हालांकि बधाई की टाइमिंग पर आरजेडी ने कटाक्ष किया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक्स (X) हैंडल से सोमवार की रात ठीक 12 बजे ही पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दे दी गई. लिखा गया, “आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना है.” इस पर आरजेडी के प्रवक्ता शक्ति यादव ने ही एक्स पर लिखा, “इतनी शीघ्रता से अलार्म लगाकर बर्थडे विश करने की तत्परता तो एक प्रेमी युगल भी नहीं करता है. मतलब 11 बजकर 59 मिनट पर ट्वीट लिखकर रख लिए थे. बारह बजे का अलार्म बजा कि पोस्ट पर दिया गया. काश इतनी तत्परता बिहार में हो रहे हत्या बलात्कार पर भी दिखा पाते. #बेरोजगारी_दिवस पर आप अपनी बेरोजगारी का मुआयना पेश किए हैं, वाह मुख्यमंत्री जी वाह.”
