सड़कों पर अब पैदल चलना होगा आसान,नीतीश सरकार करने जा रही है ये बड़ी काम
सीएम नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया है. मुख्यमंत्री ने कहा है कि बिहार में सड़कों पर पैदल चलने वाले नागरिकों के सम्मान एवं सुविधा के लिए भी हमलोगों ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं. जिसके तहत खासकर उन जगहों को चिन्हित कर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने के निर्देश दिए गए है. साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी लगाएं जाएंगे.बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि, 20 नवंबर 2025 को राज्य में नई सरकार के गठन के बाद सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया गया है. सात निश्चय-3 (2025-30) के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के तहत राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन को आसान बनाने के लिए हमलोग लगातार काम कर रहे हैं।उन्होंने आगे कहा कि, बिहार प्रगति के पथ पर तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है. राज्यवासियों की आमदनी बढ़ रही है, जिसके कारण राज्य की सड़कों पर दो पहिया-चार पहिया वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है किंतु राज्य की सड़कों पर बढ़ते वाहनों की वजह से सड़कों पर पैदल चलने वाले यात्रियों को असुविधा होती है.सड़क सुरक्षा के मानकों को ध्यान में रखते हुए राज्य के शहरी क्षेत्रों में विशेषकर भीड़-भाड़ वाले स्थानों को चिह्नित कर यथाशीघ्र फुटपाथ बनाने का निर्देश दिया गया है.सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा के लिए चिह्नित जगहों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने का निर्देश दिया गया है।

पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा के लिए चिह्नित स्थानों पर फुट ओवर ब्रिज/एस्केलेटर और अंडरपास बनाने का निर्देश दिया गया है.सभी सरकारी एवं निजी वाहन चालकों को प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया है, ताकि वाहन चालक सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील हो सकें.राज्य के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में अधिक सड़क दुर्घटना की संभावना वाली जगहों (Black spot) को चिह्नित कर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ का निर्माण एवं सी॰सी॰टी॰वी॰ कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया है, ताकि उसका आकलन कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। नीतीश कुमार ने निर्देश दिया कि, राज्य की सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों को उपरोक्त सभी सुविधाएं जल्द से जल्द मिल सकें, इसे लेकर हमलोगों ने परिवहन विभाग को तेजी से काम करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि यह पहल राज्य की सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी और उनका दैनिक जीवन आसान होगा।
