मतदान संपन्न होते हीं तेजस्वी ने किया जीत का दावा,बांकीपुर में RJD हासिल करेगी विजय
बांकीपुर उपचुनाव में मतदान संपन्न होने के साथ ही दावों का दौर शुरू हो गया है. राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि इस बार चौंकाने वाला परिणाम आएगा. उन्होंने कहा कि आरजेडी की कैंडिडेट रेखा गुप्ता को हर जाति-धर्म और तबके का समर्थन मिला है. इसलिए इस बार हमारी जीत तय है. आरजेडी कार्यालय पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस बार बांकीपुर की जनता लालटेन छाप पर वोटिंग कर रही है. उन्होंने कहा कि इस बार बांकीपुर में लालटेन जलेगी, ये बात आप लोग समझ लीजिए. हमें हर वार्ड और हर बूथ पर वोट मिला है.आरजेडी नेता ने कहा कि हमने जो फीडबैक लिया है, उसके अनुसार राष्ट्रीय जनता दल हर वार्ड में आगे है.

उन्होंने दावा किया कि इस बार लोग भाजपा को हराने के लिए ही हमारे साथ आ रहे हैं और काफी उत्साह के साथ मतदान कर रहे हैं.तेजस्वी ने कहा कि तीन दशक से ज्यादा समय से भारतीय जनता पार्टी का इस सीट पर कब्जा रहा है लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र का विकास नहीं हुआ है. लोग इस सरकार से काफी नाराज है. लिहाजा वह राष्ट्रीय जनता दल और उनकी प्रत्याशी रेखा गुप्ता को जिताना चाह रहे हैं.आरजेडी से जहां रेखा गुप्ता कैंडिडेट हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी से नीरज कुमार सिन्हा प्रत्याशी हैं. इसके अलावे जन सुराज पार्टी से प्रशांत किशोर भी मैदान में हैं. इन तीन उम्मीदवारों के बीच ही मुख्य मुकाबला माना जा रहा है. 3 अगस्त को मतों की गिनती होगी और नतीजे घोषित होंगे.
