विधानसभा नतीजों के बीच शेयर बाजार में आई उछाल,निवेशकों में दौड़ी खुशी की लहर
शेयर बाजार में आज यानी 4 मई 2026 को विधानसभा नतीजों के बीच तूफानी तेजी देखी गई. शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में बढ़त मिलती दिखी, जिसके बाद हफ्ते के पहले कारोबारी दिन बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स खुलते ही फायर हो गया. शुरुआती बाजार में सेंसेक्स 500 अंकों की तेजी के साथ 77, 440 अंक के इंट्राडे आंकड़े को पार कर गया. निफ्टी 50 में भी शानदार रैली देखी गई. मगर आधे घंटे के भीतर ही सेंसेक्स में और रैली देखी गई और सुबह करीब 9 बजकर 40 मिनट पर सेंसेक्स 900 अंक के पार पहुंच गया.

हफ्ते की शुरुआत शेयर बाजार के लिए काफी मजबूत रही. BSE Sensex खुलते ही 587.50 अंक (0.76%) चढ़कर 77,501 के आसपास पहुंच गया. वहीं Nifty 50 भी 192.95 अंक (0.80%) की तेजी के साथ 24,190 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा. बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली. Nifty Bank करीब 325 अंक बढ़कर 55,188 पर पहुंच गया, जबकि Nifty Financial Services भी 150 अंक चढ़कर 25,807 के स्तर पर रहा. सेक्टर की बात करें तो ऑटो शेयरों में 2% से ज्यादा की तेजी दिखी, वहीं FMCG सेक्टर भी 1% से ज्यादा ऊपर कारोबार करता नजर आया.आज बाजार में तेजी का माहौल साफ दिखा. कुल 903 शेयरों में ट्रेडिंग शुरू हुई, जिनमें से 742 शेयर बढ़त में रहे और सिर्फ 107 शेयरों में गिरावट आई. 54 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ. इतना ही नहीं, 69 शेयर अपने 52 हफ्ते के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए, जबकि सिर्फ 7 शेयर ही अपने निचले स्तर पर थे. इसके अलावा 36 शेयर अपर सर्किट में और 13 शेयर लोअर सर्किट में फंसे रहे, जो बाजार में मजबूत तेजी का संकेत देता है.
