राज्यसभा चुनाव में आरजेडी की बढ़ी मुश्किलें,ओवैसी के विधायक नहीं देंगे समर्थन!
बिहार में 5 सीटों पर होने राज्यसभा चुनाव के लिए सियासी सरगर्मी बढ़ी हुई है. एडी सिंह की जीत के लिए आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने आज विपक्ष के सभी दलों की बैठक बुलाई थी. इस बैठक में आरजेडी, कांग्रेस, आईआईपी और वाम दलों के विधायक तो पहुंचे लेकिन असदुद्दीन ओवैसी और मायावती के विधायक ने बैठक से दूरी बना ली. जिसके बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया है.क्या एआईएमआईएम और बीएसपी राज्यसभा चुनाव में आरजेडी का समर्थन नहीं करेंगे? इसको लेकर अब कयासबाजी तेज होने लगी है. हालांकि राष्ट्रीय जनता दल का दावा है कि विपक्ष एकजुट है. मनेर से विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि हम लोगों के साथ 41 विधायक है और हम लोग चुनाव जीतेंगे।बैठक में शामिल नहीं के सवाल पर एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि उन लोगों को ऐसी किसी बैठक की जानकारी नहीं है।

वहीं आरजेडी कैंडिडेट के समर्थन के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व राज्यसभा चुनाव को लेकर फैसला लेगा.वहीं, बहुजन समाज पार्टी के एकमात्र विधायक सतीश कुमार यादव ने कहा, ‘बसपा सुप्रीमो बहन जी के निर्देश का इंतजार हो रहा है. जैसा निर्देश होगा, हम उसी के साथ जाएंगे. अभी थोड़ा इंतजार करिये.’आरजेडी ने निवर्तमान राज्यसभा सांसद अमरेंद्र धारी सिंह को फिर से कैंडिडेट बनाया है लेकिन उसके पास पर्याप्त संख्या बल है. महागठबंधन के पास महज 35 विधायक हैं, जबकि जीत के लिए 41 वोट चाहिए. ऐसे में अगर एआईएमआईएम के 5 और बीएसपी के एक विधायक सपोर्ट नहीं करते हैं तो एडी सिंह की हार तय है. वैसे नामांकन के समय बीएसपी विधायक सतीश कुमार यादव मौजूद थे. एक सीट पर जीत के लिए 41 विधायकों का समर्थन जरूरी है. एनडीए के विधायकों की संख्या 202 है. लिहाजा उनके 4 उम्मीदवारों की जीत तय है, जबकि पांचवें प्रत्याशी को जीत के लिए 3 अतिरिक्त वोट की दरकार होगी. वहीं. महागठबंधन के पास केवल 35 विधायक हैं. ऐसे में उसे 6 अतिरिक्त वोट चाहिए. यह आंकड़ा तभी हासिल किया जा सकता है, जबकि एआईएमआईएम के 5 और बीएसपी के एक विधायक का सपोर्ट मिले।एनडीए की तरफ से बीजेपी के नितिन नबीन और शिवेश राम, जेडीयू के नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर के अलावे आरएलएम के उपेंद्र कुशवाहा मैदान में हैं. इनमें से शिवेश राम राज्यसभा की पांचवीं सीट के प्रत्याशी हैं, जिनका सामना आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह से होना है. 16 मार्च को चुनाव होगा.243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 89, जनता दल यूनाइटेड के 85, राष्ट्रीय जनता दल के 25, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 19, कांग्रेस के 6, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और एआईएमआईएम के 5-5, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 4 और सीपीआई माले के 2 विधायक हैं. इसके अलावे सीपीएम, आईआईपी और बीएसपी के 1-1 विधायक हैं।
