सक्रिय हुआ मानसून,कई राज्यों के लिए अलर्ट हुई जारी
जुलाई का महीना आधा खत्म होने वाला है और मानसून ने अब पूरे देश में अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है. कहीं झमाझम बारिश हो रही है तो कहीं बादल गरजने के साथ तेज हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के 18 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी बादल जमकर बरस सकते हैं. वहीं बिहार, असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा जताया गया है.मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ इस समय बंगाल की खाड़ी से लेकर उत्तर भारत तक सक्रिय है. इसके साथ पश्चिमी विक्षोभ और कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बने हुए हैं. यही वजह है कि अगले 24 घंटे देश के बड़े हिस्से में बारिश की गतिविधियां तेज रहने वाली हैं. कई राज्यों में बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और जलभराव की भी आशंका है.अगर सबसे ज्यादा बारिश की बात करें तो पूर्वोत्तर भारत इस समय मानसून का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगह मूसलाधार बारिश होने की संभावना है.आईएमडी ने खासतौर पर मेघालय और असम के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, सड़कें बंद होने और नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका भी जताई गई है.

प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.पूर्वी भारत में भी मानसून पूरी ताकत से सक्रिय है. बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में कई स्थानों पर तेज बारिश होने का अनुमान है. बिहार के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके चलते निचले इलाकों में जलभराव और छोटी नदियों के उफान पर आने की संभावना है. झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. ओडिशा में भी अगले 24 घंटे बारिश का दौर जारी रहेगा.राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए रविवार का दिन मौसम के लिहाज से राहत लेकर आ सकता है. मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी.आईएमडी का कहना है कि अगले कुछ दिनों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. यानी बारिश के बाद उमस लोगों की परीक्षा ले सकती है. सुबह और शाम मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन दोपहर में नमी के कारण बेचैनी महसूस हो सकती है.उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, देवरिया, बलिया, कुशीनगर, वाराणसी और आसपास के इलाकों में तेज बारिश की संभावना है. कई जगह बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है.पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि तराई क्षेत्रों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिलेगा. किसानों के लिए यह बारिश फसलों के लिहाज से फायदेमंद मानी जा रही है, लेकिन लगातार बारिश वाले इलाकों में जलभराव की समस्या भी बढ़ सकती है.कुल मिलाकर आज को देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा. बिहार, असम-मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में सबसे ज्यादा बारिश का खतरा रहेगा. वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से बिजली गिरने, जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।
