CPI के डी राजा ने किया जीत का दावा,कहा-मिलकर BJP को हराएंगे

विपक्षी एकता पर पटना में हुई बैठक के बाद इसमें शामिल दलों का उत्साह बढ़ गया है। भाकपा महासचिव डी. राजा ने कहा है कि सभी राज्यों और देश में हमलोग मिलकर भाजपा को हराएंगे। हमलोग एकजुट हुए हैं। जुलाई में होने वाली शिमला बैठक में राष्ट्रीय विपक्षी एकता की प्रक्रिया को नई ऊंचाई दी जाएगी। विपक्षी दलों के गठबंधन को औपचारिक रूप दिया जाएगा ताकि एक के मुकाबले एक का चुनावी परिदृश्य तैयार किया जा सके। शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर 15 विपक्षी दलों की महा बैठक करीब पौने चार गंटे तक चली।उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की बैठक में हुए निर्णय का भाकपा समर्थन करती है। पार्टी की बिहार कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक ने भी इसपर सहमति जताई है। गठबंधन और सीट शेयरिंग पर सहमति बनेगी। हम भाजपा को हराएंगे। भाजपा और संघमुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी राज्यों में अलग-अलग समीकरण हैं।
जब बैठेंगे तो सब मुद्दे सुलझाएंगे। आम आदमी पार्टी के स्टैंड पर उन्होंने कहा कि दिल्ली पर लाये गए अध्यादेश मुद्दे पर हमलोग आप के साथ हैं। संसद में उसका विरोध करेंगे। कांग्रेस के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी साथ है।