लालू परिवार से CBI ने मांगा संपत्ति का ब्योरा,सात बेटियों और दामाद को भी देना होगा हिसाब
रेलवे में नौकरी के बदले जमीन मामले की जांच के क्रम में सीबीआइ ने लालू परिवार के सभी सदस्यों के नाम से खरीदी गई संपत्ति का ब्योरा मांगा है। हालांकि सीबीआई ने वर्ष 2004 से 2009 तक तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद, राबड़ी देवी, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद, मंत्री तेजप्रताप एवं मीसा भारती समेत लालू की सभी सात बेटियों के नाम से खरीदी, गिफ्ट की गई या लीज पर दी गई अचल संपत्ति का विवरण मांगा गया है।
सीबीआइ के पुलिस अधीक्षक, आर्थिक अपराध इकाई-ढ्ढढ्ढ ने राज्य के निबंधन महानिरीक्षक को पत्र भेजकर ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा है। इसके आलोक में सहायक निबंधन महानिरीक्षक मनोज कुमार संजय ने राज्य के सभी जिला अवर निबंधक एवं अवर निबंधक को निर्देश जारी किया है।
दरअसल आपको बताते चले कि सीबीआइ के पुलिस अधीक्षक ने पत्र में लिखा है कि रेलवे में नौकरी के बदले जमीन की जांच की जा रही है। इसके लिए वर्ष 2004 से 2009 के दौरान बिहार में लालू प्रसाद एवं उनके परिवार के सभी सदस्यों के नाम से खरीदी, गिफ्ट की गई या लीज पर दी गई अचल संपत्ति की जांच भी जरूरी है।
