सोने में 46 साल की सबसे बड़ी गिरावट!25% टूट गया भाव,अब क्या करें?
सोने में लगातार हो रही गिरावट ने उन निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है, जिन्होंने उसे सबसे ऊंची कीमतों में पर खरीदा था. जनवरी में ऑल टाइम पीक पर पहुंचने के बाद सोना अब 25 फीसदी तक गिर चुका है. यह 46 साल बाद एक साल में सबसे बड़ी गिरावट है.अगर आपने इस साल सोना उसकी सबसे ऊंची कीमत के आसपास खरीदा है, तो हालिया गिरावट आपकी चिंता बढ़ा सकती है. वहीं, अगर आप अभी सोना खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपके मन में भी सवाल होगा कि क्या इसकी कीमतें अभी और गिर सकती हैं?FundsIndia Research के आंकड़ों के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 तक सोने की कीमतों में इस साल के सबसे ऊंचे स्तर से करीब 25 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. 1980 से उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर यह सोने की सबसे बड़ी गिरावटों में से एक है. इतिहास बताता है कि सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट कोई नई बात नहीं है. पिछले कई सालों में सोने ने 10 से 15 फीसदी तक की गिरावट देखी है. हालांकि, इसके बाद कई बार कीमतों में अच्छी रिकवरी भी हुई है. 19 नवंबर को भी घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में कमजोरी जारी रही. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 4 दिसंबर की डिलीवरी वाला सोना 0.75 फीसदी गिरकर 1,28,842रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला. वहीं, स्पॉट गोल्ड की कीमत 1,30,921 रुपये प्रति 10 ग्राम रही.मंनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 1980 में सोने की कीमतों में सबसे ज्यादा 40 फीसदी की गिरावट आई थी.

इसके बाद 1981 में सोना 25 फीसदी तक गिरा था. इस साल अक्टूबर तक भी सोने में इतनी ही गिरावट दर्ज की गई है. 1980 से अब तक सोने की कीमतों में एक साल के दौरान औसतन करीब 13 फीसदी की गिरावट आई है. यहां एक साल के दौरान गिरावट का मतलब है कि किसी साल सोने की कीमत अपने सबसे ऊंचे स्तर से कितनी नीचे आई, भले ही साल के अंत तक उसकी कीमत फिर बढ़ गई हो. सोने की कीमतों में 10 से 15 फीसदी तक की गिरावट पहले भी कई बार देखने को मिली है. जैसे 2020 में सोना एक समय 15 फीसदी तक गिर गया था. इसी तरह 2022 में भी इतनी ही गिरावट आई, जबकि 2023 में सोने की कीमतों में करीब 10 फीसदी की कमी दर्ज की गई. हालांकि, 2026 की गिरावट काफी बड़ी है.कमोडिटी एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिकी डॉलर में आई मजबूती और फेडरल बैंक की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका के कारण सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है. डॉलर में मजबूती और बॉन्ड से मिलने वाला रिटर्न बढ़ने की उम्मीद के कारण कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट आई है. इसके अलावा महंगाई बढ़ने से उम्मीद बढ़ गई है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व दिसंबर में ब्याज दरें बढ़ा सकता है. अमेरिकी सरकारी बॉन्ड से मिलने वाला रिटर्न (ट्रेजरी यील्ड) बढ़ने और महंगाई लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बने रहने की आशंका ने भी सोने-चांदी की कीमतों को कमजोर किया है. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भी सोने और चांदी को कोई खास सहारा नहीं मिला. इसकी वजह यह है कि बाजार में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका का असर तेल की कीमतों में गिरावट से ज्यादा रहा.सोने की कीमतों के पुराने आंकड़ों में एक दिलचस्प बात सामने आती है. किसी साल के दौरान कीमतों में बड़ी गिरावट आने का मतलब यह नहीं है कि उस साल निवेशकों को नुकसान ही हुआ हो. FundsIndia के विश्लेषण के मुताबिक, 46 साल में करीब 78 फीसदी बार सोने ने साल के आखिर तक पॉजिटिव रिटर्न दिया है. जैसे 1980 में सोने की कीमतों में एक समय 40 फीसदी की गिरावट आई थी, लेकिन साल के अंत में इसने करीब 4 फीसदी का रिटर्न दिया. इसी तरह 2008 में सोने की कीमतें एक समय 20 फीसदी तक गिर गई थीं, लेकिन साल के अंत में इसने करीब 28 फीसदी का रिटर्न दिया. 2020 में भी सोना एक समय 15 फीसदी गिरा था, लेकिन साल का अंत 28 फीसदी की बढ़त के साथ किया. हालांकि, हर बार ऐसा नहीं हुआ.1981 में सोने की कीमतों में 25 फीसदी की गिरावट आई और साल का अंत करीब 22 फीसदी के नुकसान के साथ हुआ. इसी तरह 2013 में सोना 24 फीसदी तक गिरा और पूरे साल में करीब 18 फीसदी का नुकसान हुआ. आंकड़ों के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 तक सोने ने इस साल करीब 5 फीसदी का निगेटिव रिटर्न दिया था. यह सिर्फ अक्टूबर तक का आंकड़ा है, पूरे साल का नहीं. इसके बाद कीमतों में हुए बदलाव इसमें शामिल नहीं हैं.पुराने आंकड़े बताते हैं कि सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट आने के बावजूद कई बार इसमें रिकवरी हुई है. लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि इस बार भी कीमतें जल्द बढ़ जाएंगी. निवेशकों को सोने की कीमतों के साथ अपने निवेश की अवधि और पोर्टफोलियो में सोने की हिस्सेदारी पर भी ध्यान देना चाहिए. अगर कोई निवेशक मौजूदा गिरावट के बाद सोना खरीदने की योजना बना रहा है, तो उसे आगे भी कीमतों में उतार-चढ़ाव के लिए तैयार रहना चाहिए. सिर्फ इस उम्मीद में निवेश करना सही नहीं होगा कि सोने की कीमतें अब तेजी से बढ़ेंगी.सोने की कीमतों में गिरावट पहले भी आती रही है, लेकिन 2026 में 25 फीसदी की गिरावट सामान्य औसत से काफी ज्यादा है. पुराने आंकड़े बताते हैं कि सोने में रिकवरी की संभावना रहती है, लेकिन इसकी कोई गारंटी नहीं है.
