जब तक बाबा साहेब जीवित थे, कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया,अंबेडकर जयंती पर बोले पीएम मोदी

मोदी ने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि “खाटे जवान, खाटे खिलाड़ी, और थारा भाईचारा जो है हरियाणा की पहचान। हिसार से मेरी इतनी यादें जुड़ी हुई हैं। जब भाजपा ने मुझे हरियाणा की जिम्मेदारी दी थी, तो यहां अनेक साथियों के साथ मैंने लंबे समय तक काम किया। इन सभी साथियों के परिश्रम ने बीजेपी की हरियाणा में नींव को मजबूत किया है।कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए, पूरे देश के लिए और खासकर दलित, पीड़ित, वंचित, शोषित के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। उनके जीवन में ये दूसरी दिवाली है। आज संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती है। उनका जीवन, उनका संघर्ष, उनका संदेश हमारी सरकार की 11 साल की यात्रा का प्रेरणा स्तंभ बना है।

हर दिन, हर फैसला, हर नीति, बाबा साहेब अंबेडकर को समर्पित है।इनके जीवन में बदलाव लाना, इनके सपनों को पूरा करना ये हमारा मकसद है। इसके लिए निरंतर विकास, तेज विकास, यही भाजपा सरकार का मंत्र है। साथियों, इसी मंत्र पर चलते हुए आज हरियाणा से अयोध्या धाम के लिए फ्लाइट शुरू हुई है। यानी अब श्रीकृष्ण जी की पावन भूमि हरियाणा, श्रीराम जी की भूमि से सीधी जुड़ गई है।”मोदी ने कहा कि देश के करीब 90 एरोड्रम उड़ान योजना से जुड़ चुके हैं। इनमें बहुत कम पैसों में लोग हवाई यात्रा कर रहे हैं। इसलिए आज हर साल हवाई यात्रा करने वालों का नया रिकॉर्ड बन रहा है। हमारी एयरलाइन कंपनियों ने भी रिकॉर्ड संख्या में 2 हजार नए हवाई जहाजों का ऑर्डर दिया है। जितने नए जहाज आएंगे, उतनी ही ज्यादा नौकरियां भी आएंगी।ऐसी अनेक सेवाओं के लिए युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। हिसार का यह एयरपोर्ट भी हरियाणा के युवाओं को नई ऊंचाई देगा। हमारी सरकार एक तरफ कनेक्टिविटी पर बल दे रही है, दूसरी तरफ गरीब कल्याण, सामाजिक न्याय भी सुनिश्चित कर रही है। यही तो बाबा साहेब अंबेडकर का सपना था। हमारे संविधान निर्माताओं की यही इच्छा थी।