प्राण प्रतिष्ठा करने के बाद बोले पीएम मोदी- हमारे रामलला अब टेंट में नहीं रहेंगे बल्कि अब दिव्य मंदिर में रहेंगे
देशभर में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होने से जश्न का माहौल है। पीएम मोदी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद जनता को संबोधित कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे रामलला अब टेंट में नहीं रहेंगे। आप सबको राम-राम। हमारे रामलला अब दिव्य मंदिर में रहेंगे। ये क्षण अलौकिक है और ये समय दर्शाता है कि प्रभु राम का आशीर्वाद हमारे साथ है। 22 जनवरी केवल एक तारीख नहीं है बल्कि नए कालचक्र का उद्गम है। निर्माण कार्य देखकर देशवासियों में हर दिन एक नया विश्वास पैदा हो रहा था। आज हमें सदियों के उस धैर्य की धरोहर मिली है, आज हमें राम का मंदिर मिला है।पीएम ने कहा कि ये कितनी बड़ी रामकृपा है कि हम इस पल को जी रहे हैं।
साक्षात घटित होते देख रहे हैं। आज सब कुछ दिव्यता से परिपूर्ण है। ये सामान्य समय नहीं है, ये काल के चक्र पर सर्वकालिक अमिट रेखाएं हैं। जहां राम का काम होता है, वहां पवन पुत्र हनुमान अवश्य विराजमान होते हैं। इसलिए मैं राम भक्त हनुमान और हनुमानगढ़ी को भी प्रणाम करता हूं। मैं माता जनकी, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, सरयू नदी और पावन अयोध्या का प्रणाम करता हूं।प्रभु राम भारत की आत्मा के कण-कण से जुड़े हुए हैं। हम भारत में कहीं भी किसी की अंतरात्मा को छुएंगे तो एकत्व की अनुभूति होगी। इससे अधिक देश को समायोजित करने वाला सूत्र और क्या हो सकता है। हम युग में लोगों ने राम को जिया है। अलग अलग युगों में लोगों ने अपनी अपनी तरह से राम को अभिव्यक्त किया है। प्राचीन काल से लोग राम रस का आचमन करते रहे हैं। राम के आदर्श, मूल्य और शिक्षाएं हर जगह एक समान है।