शेख हसीना पर भारत ने साफ किया रुख,वापसी और प्रत्यर्पण का अलग मामला!
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना अगले महीने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना बना रही हैं. हसीना की वापसी की तारीख सामने आते ही बांग्लादेश में खासी हलचल बढ़ गई है. वहां पर पिछले कई दिनों से हिंसा और आगजनी की घटना हो रही है. देश में बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. उनके गृह नगर में 56 प्लाटून समेत बॉर्डर पैरामिलिट्री फोर्स की 108 प्लाटून तैनात की गई हैं. इस बीच हसीना की बांग्लादेश वापसी को लेकर भारत ने साफ कर दिया कि प्रत्यर्पण की मांग और स्वेच्छा से स्वदेश लौटना दोनों अलग-अलग चीजें हैं.बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी और उनके प्रत्यर्पण को लेकर भारत ने साफ कर दिया है कि प्रत्यर्पण की मांग और किसी व्यक्ति का ट्रैवल डॉक्यूमेंट के जरिए स्वेच्छा से अपने देश लौटना, ये दोनों अलग-अलग मामले हैं।विदेश मंत्रालय के मुताबिक बांग्लादेश की ओर से हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर भेजे गए अनुरोध पर भारत तय प्रक्रिया के तहत विचार कर रहा है. लेकिन अगर कोई व्यक्ति ट्रैवल डॉक्यूमेंट के जरिए अपनी इच्छा से अपने वतन लौटना चाहता है, तो यह प्रत्यर्पण से अलग मामला होगा.

विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ लगातार हो रही हिंसा की घटनाओं पर भी गहरी चिंता जताई है. भारत ने नरैल और पाबना समेत कई इलाकों में हिंसा की खबरों का जिक्र करते हुए बांग्लादेश की रहमान सरकार से घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है.भारत का कहना है कि वह बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ जारी हिंसा को लेकर चिंतित है. ऐसी घटनाओं के जिम्मेदार लोगों को न्याय के दायरे में लाया जाना चाहिए.इस बीच शेख हसीना के अगले महीने 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस के मौके पर वापस लौटने की खबरें सामने आ रही हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री ने दिल्ली से ढाका जाने के लिए बांग्लादेश की सरकारी एयरलाइन से यात्रा की व्यवस्था करने की मांग की है. हालांकि, बांग्लादेश सरकार के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने इस संभावना को खारिज करते हुए कहा कि हसीना की वापसी प्रत्यर्पण के जरिए ही होगी और उन्हें हिरासत में लाया जाएगा.विमान की व्यवस्था करने से जुड़ी मांग को लेकर ढाका की ओर से तीखी प्रतिक्रिया की गई. बांग्लादेशी सरकार का कहना है कि उन्हें “हथकड़ी लगाकर” वापस लाया जाएगा और उनके खिलाफ वही कानून लागू होंगे जो विदेश में रह रहे किसी भी अन्य दोषी भगोड़े पर लागू होते हैं.इससे पहले 79 साल की शेख हसीना के प्रवक्ता प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने कल मंगलवार को बताया था कि उन्होंने अपने वकील के जरिए 9 और 19 नवंबर को नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से जरूरी यात्रा दस्तावेज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था. अली ने कहा, “उन्होंने यह भी संकेत दिया है कि वह 16 दिसंबर को बांग्लादेश के ‘विजय दिवस’ पर अपने वतन लौटेंगी, जो 1971 के मुक्ति संग्राम के समापन का दिन है. हसीना ने जोर देकर कहा है कि वह बांग्लादेश की राष्ट्रीय एयरलाइन, ‘बिमान एयरलाइंस’ से वापस आएंगी.हसीना की संभावित वापसी के बीच पिछले कई दिनों में पूरे बांग्लादेश में हिंसा की ढेरों घटनाएं हुई हैं, जिसमें कई ट्रेनों और बसों के साथ-साथ बैंकों को निशाना बनाकर आगजनी किए जाने के हमले भी शामिल हैं. पुलिस ने इस तरह की घटनाओं के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को दोषी ठहराया है.बांग्लादेश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. यह सुरक्षा इस डर के बीच बढ़ाई गई है कि हसीना के समर्थक आने वाले दिनों में हिंसा और तोड़फोड़ तेज कर सकते हैं. अवामी लीग की एक्टिविटीज पर बैन लगा दिया गया है. लीग 29 और 30 नवंबर के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लॉकडाउन प्रोग्राम को प्रमोट कर रही है, जिससे देश में तनाव खासा बढ़ गया है.स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने देश के 7 जिलों में 108 प्लाटून तैनात करने का ऐलान किया है, “ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे, लोगों की सुरक्षा पक्की हो और किसी भी अनचाही स्थिति से निपटा जा सके.” BGB ने कहा कि उनमें से अकेले 56 प्लाटून हसीना के गृह नगर गोपालगंज में लगातार अशांति के बीच तैनात की गई हैं.गोपालगंज अवामी लीग का गढ़ रहा है, और वहां पर हाल के दिनों में हिंसा, आगजनी और तोड़-फोड़ की कई घटनाएं हुई हैं. पिछले हफ्ते जिले में करीब 2,000 पुलिसवाले और 10 BGB प्लाटून के साथ-साथ स्पेशल रिस्पॉन्स बटालियन (SRB) के लोगों तैनात किया गया है.बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की ओर से जारी बयान के मुताबिक, “राजधानी ढाका में 18 प्लाटून, नारायणगंज में 6, गाजीपुर में 18, मैमनसिंह में 2, चटगांव में 3 और कॉक्स बाजार जिलों में एक प्लाटून तैनात की गई है. इसके अलावा, BGB सदस्यों की 4 प्लाटून को तैनाती के लिए अलर्ट पर रखा गया है.” एक BGB प्लाटून में 30-40 लोग होते हैं.बांग्लादेश की सीमा भारत और म्यांमार दोनों देशों से लगती है, इसके 64 में से 32 जिलों की अंतरराष्ट्रीय सीमाएं हैं. इनमें से 30 भारत तो 3 म्यांमार से लगते हैं, जबकि रंगमती की सीमा दोनों देशों से लगती है. अधिकारियों ने 30 बॉर्डर जिलों में पुलिस को BGB के साथ मिलकर बॉर्डर के कमजोर हिस्सों में निगरानी, गश्त और तलाशी तेज करने का निर्देश दिया है.शेख हसीना का 2 साल पहले 5 अगस्त 2024 को जेन जी प्रदर्शन के दौरान तख्तापलट हो गया था. बांग्लादेश में छात्र आंदोलन और राजनीतिक उथल-पुथल के बीच देश छोड़कर भारत आई थीं. वह 2009 से 2024 तक बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रही थीं. बांग्लादेश की इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने पिछले दिनों उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधों से जुड़े आरोपों में उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई है. हालांकि हसीना इन आरोपों से इनकार करती रही हैं.बांग्लादेश भारत से लगातार उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, जबकि नई दिल्ली का कहना है कि ढाका के इस अनुरोध की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है. हसीना की वापसी से जुड़ा यह मुद्दा दोनों देशों के बीच तनाव का कारण बन गया है. ढाका का जोर है कि हसीना को द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि के तहत वापस लाया जाए. जबकि हसीना बांग्लादेश वापस जाकर कोर्ट के सामने आत्मसमर्पण करना चाहती हैं।
