क्या फिर शुरू होगी ईरान से जंग? नेतन्याहू ने चला नया दांव!
इजराइल और अमेरिका के बीच ईरान को लेकर मतभेद बढ़ रहे हैं. इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू चाहते हैं कि अमेरिका ईरान पर फिर से हमला करे, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फिलहाल इसके पक्ष में नहीं हैं. इसी बीच इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के मुखिया रोमन गोफमैन अमेरिका पहुंचे हैं. वह ट्रंप प्रशासन के बड़े अधिकारियों से मुलाकात करेंगे.एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, गोफमैन वॉशिंगटन में CIA प्रमुख जॉन रैटक्लिफ से मिल सकते हैं. इसके बाद वह मियामी जाकर व्हाइट हाउस के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से भी बातचीत कर सकते हैं. गोफमैन को नेतन्याहू का करीबी माना जाता है. हालांकि, मोसाद, CIA और व्हाइट हाउस ने इन मुलाकातों की पुष्टि नहीं की है.ट्रंप फिलहाल ईरान पर आर्थिक दबाव और समुद्र में उसकी घेराबंदी जारी रखना चाहते हैं. सऊदी अरब, कतर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भी इस रणनीति का समर्थन कर रहे हैं. 5 नवंबर को ट्रंप और नेतन्याहू के बीच फोन पर ईरान को लेकर बातचीत हुई थी.गुरुवार को ट्रंप ने कहा कि अमेरिका चाहे तो यह टकराव तुरंत खत्म कर सकता है, लेकिन वह धीरे-धीरे आगे बढ़ना चाहता है.

उन्होंने बताया कि सऊदी अरब ने मौजूदा स्थिति कुछ समय तक बनाए रखने की अपील की है. कतर, कुवैत, UAE और बहरीन भी फिलहाल इंतजार करना चाहते हैं. फाइनेंशियल टाइम्स के मुताबिक, नेतन्याहू ट्रंप को रोज फोन करके नए हमले के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं.27 अक्टूबर के चुनाव के बाद नेतन्याहू संसद में अपना बहुमत खो चुके हैं. उनके प्रतिद्वंद्वी गादी आइजेनकोट को नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी मिली है. हालांकि, बहुमत जुटाना उनके लिए आसान नहीं है.विपक्ष को डर है कि नेतन्याहू नई सरकार बनने से रोकने के लिए ईरान पर हमला कर सकते हैं या उसे इजराइल पर हमले के लिए उकसा सकते हैं. गुरुवार को नेतन्याहू ने आइजेनकोट के साथ दो घंटे बैठक की और उन्हें ईरान के हालात की जानकारी दी. आइजेनकोट के करीबी सूत्र के मुताबिक, वह फिलहाल ईरान पर हमले को जरूरी नहीं मानते.शुक्रवार को आइजेनकोट ने कहा कि वह सत्ता बदलने की प्रक्रिया के दौरान नेतन्याहू के फैसलों पर नजर रखेंगे. उन्होंने कहा कि इजराइल की सुरक्षा का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए नहीं होना चाहिए.इजराइली मीडिया के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच हाल की एक फोन बातचीत काफी तनावपूर्ण रही थी. हालांकि, नेतन्याहू के कार्यालय ने इस दावे को गलत बताया. कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान से मुलाकात के बाद ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत में सकारात्मक प्रगति की बात कही थी.इजराइल की संसद में नेतन्याहू के गठबंधन को 120 में से 53 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि बहुमत के लिए 61 सीटें जरूरी हैं. वहीं, अमेरिका में मिडटर्म इलेक्शन में रिपब्लिकन पार्टी संसद का कंट्रोल गंवा चुकी है. ऐसे में गोफमैन की अमेरिका यात्रा से पता चलेगा कि नेतन्याहू ट्रंप को दोबारा हमले के लिए कितना मना पाते हैं.
